
सिरसा जिले के डबवाली में सीआईए स्टाफ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 1 करोड़ रुपए की हेरोइन के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान गगनदीप के रूप में हुई है, जो सिरसा के देसूजोधा गांव का रहने वाला बताया गया है।
संदिग्ध हालत में रोककर की तलाशी
पुलिस के अनुसार, टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि क्षेत्र में एक संदिग्ध व्यक्ति नशे की खेप लेकर घूम रहा है। इसी आधार पर गौल चौक के पास आरोपी को रोका गया। तलाशी के दौरान उसके पिट्ठू बैग से 521 ग्राम हेरोइन बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 1 करोड़ रुपए से अधिक आंकी गई है।
पहले से दर्ज हैं 9 मामले
डीएसपी योगेश कटारिया ने बताया कि आरोपी लंबे समय से नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़ा हुआ है। उसके खिलाफ पहले से एनडीपीएस एक्ट के 9 मामले दर्ज हैं, जिनमें से 7 केस डबवाली और 2 पंजाब के बठिंडा में दर्ज हैं।
नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। उसे कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी की जा रही है। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि हेरोइन कहां से लाई गई थी और किसे सप्लाई की जानी थी।



