एसवीएस विद्यालय में श्रद्धांजलि सभा, 200 लोगों ने किया रक्तदान
नेत्र जांच शिविर में मरीजों की जांच, सरस्वती देवी नॉलेज हब लाइब्रेरी का हुआ उद्घाटन

Dabwali क्षेत्र के गांव गोरीवाला स्थित एसवीएस विद्यालय में शुक्रवार को एमडी सुल्तान सुथार की स्वर्गीय पत्नी सरस्वती देवी सुथार की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम के दौरान रक्तदान शिविर और मुफ्त नेत्र जांच शिविर का आयोजन भी किया गया।
रक्तदान शिविर में उमड़ी लोगों की भीड़
विद्यालय परिसर में आयोजित रक्तदान शिविर में 200 लोगों ने रक्तदान किया। वहीं मुफ्त नेत्र जांच शिविर में भी करीब 200 लोगों की आंखों की जांच की गई। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
लाइब्रेरी का अतिथियों ने किया उद्घाटन
कार्यक्रम के दौरान सरस्वती देवी की स्मृति में स्थापित “सरस्वती देवी नॉलेज हब लाइब्रेरी” का उद्घाटन डीएसपी ललित कुमार, एचएसएससी सदस्य सुभाष मेघवाल और डॉ. सुदेश जाखड़ ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता रामकुमार कश्मीवाल ने की।
कई गणमान्य लोग रहे मौजूद
इस अवसर पर एसवीएस गोरीवाला के एमडी सुल्तान सुथार, संतोष सुथार, कांग्रेस अध्यक्ष केवी सिंह और नेहरू बीएड महाविद्यालय के विजयंत शर्मा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
हरियाणा सरकार के मंत्री Krishan Kumar Bedi और Krishan Lal Panwar समेत विभिन्न संगठनों ने सांत्वना संदेश भेजकर दुख व्यक्त किया।
गोशाला के लिए दान किए 1.11 लाख रुपए
विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि कार्यक्रम शिक्षा, समाज सेवा और मानव कल्याण को समर्पित रहा। अंतिम श्रद्धांजलि स्वरूप सुल्तान सिंह सुथार ने लेखराव परिवार की ओर से गायों के चारे के लिए 1 लाख 11 हजार 111 रुपए दान किए।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन और लेखराव परिवार ने रक्तदाताओं, All India Institute of Medical Sciences Bathinda से आए डॉक्टरों, नेत्र विशेषज्ञों और उपस्थित लोगों का आभार जताया।


