Welcome to भगवा हिन्दुस्तान   Click to listen highlighted text! Welcome to भगवा हिन्दुस्तान
jaipurrajasthan

राजस्थान में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 26 IAS और 53 RAS अफसरों के तबादले

निकाय चुनाव की आचार संहिता से पहले देर रात आदेश जारी; 14 ट्रेनी IAS को भी मिली पोस्टिंग, कई विकास प्राधिकरणों के आयुक्त बदले

जयपुर। राजस्थान सरकार ने निकाय चुनावों की आचार संहिता लागू होने से पहले देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। कार्मिक विभाग ने 26 IAS और 53 RAS अधिकारियों के तबादले किए हैं। इसके साथ ही 14 ट्रेनी IAS अधिकारियों को अलग-अलग जिलों के जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालयों में ओएसडी के पद पर नियुक्त किया गया है।

एक ही स्थान पर तीन साल या उससे अधिक समय से तैनात अधिकारियों को हटाने के राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों के बाद यह फेरबदल किया गया है। इससे पहले भी पिछले सप्ताह कई RAS अधिकारियों के तबादले किए गए थे।

कई विकास प्राधिकरणों के आयुक्त बदले

सरकार ने कई विकास प्राधिकरणों और यूआईटी में भी अधिकारियों को बदला है। अजमेर विकास प्राधिकरण की आयुक्त नित्या के को ऊर्जा विभाग में संयुक्त सचिव बनाया गया है। जैसलमेर जिला परिषद की सीईओ रश्मि रानी को अजमेर विकास प्राधिकरण का आयुक्त नियुक्त किया गया है।

श्रीगंगानगर जिला परिषद के सीईओ गिरधर का तबादला भिवाड़ी इंटीग्रेटेड विकास प्राधिकरण (BIDA) के सीईओ पद पर किया गया है।

जोधपुर विकास प्राधिकरण के आयुक्त उत्साह चौधरी को आपदा प्रबंधन विभाग में संयुक्त सचिव बनाया गया है। वहीं अलवर यूआईटी की सचिव धायगुड़े स्नेह नाना को बीकानेर विकास प्राधिकरण का आयुक्त नियुक्त किया गया है।

सवाई माधोपुर जिला परिषद के सीईओ गौरव बुडानिया को अजमेर नगर निगम का आयुक्त बनाया गया है। अलवर जिला परिषद के सीईओ सालुखे गौरव रविंद्र का तबादला भीलवाड़ा यूआईटी के सचिव पद पर किया गया है।

6 APO IAS अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी

APO चल रहे छह IAS अधिकारियों को भी नई पोस्टिंग दी गई है। इनमें ललित गोयल को पीडब्ल्यूडी में संयुक्त सचिव, अभिषेक जैन को श्रीगंगानगर जिला परिषद का सीईओ, प्रीतम कुमार को उदयपुर जिला परिषद का सीईओ और सक्षम गोयल को जलदाय विभाग में संयुक्त सचिव बनाया गया है।

भेसारे शुभम अशोक को जयपुर जिला परिषद का सीईओ और प्रतिभा दया को करौली जिला परिषद का सीईओ नियुक्त किया गया है।

कालूराम को राजस्थान यूनिवर्सिटी का रजिस्ट्रार बनाया

ऊर्जा राज्य मंत्री हीरालाल नागर के एसए रहे कालूराम को राजस्थान यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार पद पर पोस्टिंग दी गई है। उन्हें 12 अगस्त को मंत्री के एसए पद पर रहते हुए APO किया गया था। करीब एक सप्ताह के भीतर उन्हें नई जिम्मेदारी दी गई है।

वहीं रेवेन्यू बोर्ड के अतिरिक्त निबंधक कैलाश चंद शर्मा का तबादला राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के सचिव पद पर किया गया है। यह पद काफी समय से खाली था।

राजस्थान यूनिवर्सिटी की रजिस्ट्रार समेत 3 RAS APO

राजस्थान यूनिवर्सिटी की रजिस्ट्रार आशु चौधरी, राजस्थान पाठ्यपुस्तक मंडल की सचिव रंजीता गौतम और जीएडी जोधपुर के प्रोटोकॉल अधिकारी सुरेश कुमार राव को APO किया गया है।

रंजीता गौतम की जगह करौली के एडीएम महावीर सिंह-2 को राजस्थान पाठ्यपुस्तक मंडल, जयपुर के सचिव पद पर नियुक्त किया गया है।

निकाय चुनाव की आचार संहिता जल्द लगने के आसार

शहरी निकाय चुनावों की आचार संहिता जल्द लागू होने की संभावना को देखते हुए तबादला आदेशों में अधिकारियों को तत्काल नई जगह जॉइन करने के निर्देश दिए गए हैं।

सभी कलेक्टरों और विभागाध्यक्षों को तबादला किए गए RAS अधिकारियों को तत्काल रिलीव करने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों को नई पोस्टिंग पर तुरंत कार्यभार संभालने को कहा गया है। आदेशों की पालना नहीं करने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!