Welcome to भगवा हिन्दुस्तान   Click to listen highlighted text! Welcome to भगवा हिन्दुस्तान
hisar

हिसार में चाकू से सेल्समैन की हत्या: शराब ठेके के पास दोस्तों के साथ बैठा था, विवाद के बाद छाती पर किए वार

32 वर्षीय पवन यादव तीन बहनों का इकलौता भाई था; पत्नी पांच महीने की गर्भवती, पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ा

हिसार। हरियाणा के हिसार में कैमरी रोड पुल के पास शराब ठेके के नजदीक एक 32 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान मोहित नगर निवासी पवन यादव के रूप में हुई है। वह रंग-पेंट कंपनी में सेल्समैन का काम करता था।

पुलिस के अनुसार, पवन अपने दो दोस्तों के साथ शराब ठेके के पास बैठा था। इसी दौरान वहां पहुंचे कुछ युवकों से उसकी कहासुनी हो गई। दोस्तों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। इसके बाद पवन वहां से बाइक पर निकल गया।

कुछ दूर जाकर किया हमला

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पवन बाइक से कुछ ही दूरी आगे पहुंचा था, तभी युवकों ने उस पर हमला कर दिया। हमले में पवन सड़क पर गिर गया और उसकी छाती पर चाकू के वार किए गए। गंभीर रूप से घायल पवन को लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

वारदात की सूचना मिलने के बाद आजाद नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए अग्रोहा भेजा गया है।

पुराने विवाद को भी जांच में शामिल किया

पुलिस को पता चला है कि पवन का कुछ दिन पहले भी किसी व्यक्ति से विवाद हुआ था। पुलिस इस पुराने विवाद को भी हत्या की वजह से जोड़कर जांच कर रही है। हत्या के पीछे वास्तविक कारण और वारदात में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच जारी है।

पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ा

आजाद नगर थाना प्रभारी मनदीप के अनुसार, पुलिस ने हत्या के मामले में कुछ ही घंटों में एक आरोपी को पकड़ लिया। उसकी पहचान सोनू पुत्र बलबीर के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी और पवन के बीच करीब एक सप्ताह पहले काम को लेकर विवाद हुआ था।

पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

तीन बहनों का इकलौता भाई था पवन

पवन तीन बहनों का इकलौता भाई और परिवार का कमाने वाला सदस्य था। उसके दो बच्चे हैं और उसकी पत्नी पांच महीने की गर्भवती है। पवन की मौत की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल रहा।

10 दिन में हिसार में पांच हत्याएं

पवन की हत्या के साथ हिसार जिले में पिछले 10 दिनों में हत्या की पांचवीं वारदात सामने आने की बात कही जा रही है। लगातार सामने आ रही हत्या की घटनाओं ने जिले की कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!