हरियाणा में 12 सितंबर तक मानसून एक्टिव, कई जिलों में बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट
7 से 10 सितंबर तक कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश, 11-12 सितंबर को फिर बढ़ेगी गतिविधियां; पलवल में 40.5 MM बारिश

नारनौल। हरियाणा में मानसून की गतिविधियां अभी जारी रहेंगी। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD), चंडीगढ़ के अनुसार 7 से 12 सितंबर तक प्रदेश में बारिश का दौर बना रहेगा। 7 से 10 सितंबर के बीच कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है, जबकि 11 और 12 सितंबर को कई जिलों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।
आज इन जिलों में बारिश की संभावना
सोमवार से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, गुरुग्राम, नूंह, पलवल, फरीदाबाद, सोनीपत और पानीपत में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक होने की संभावना जताई गई है।
प्रदेश के अन्य जिलों में भी कहीं-कहीं बूंदाबांदी हो सकती है।
11-12 सितंबर को फिर बढ़ेगी बारिश
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 11 और 12 सितंबर को मानसून की गतिविधियां दोबारा तेज हो सकती हैं। इन दोनों दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है।
बारिश के चलते तापमान में गिरावट आने और लोगों को उमस से राहत मिलने की उम्मीद है।
हिसार सबसे गर्म, 35.6 डिग्री तापमान
शनिवार को प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में 0.8 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई, हालांकि तापमान सामान्य के आसपास रहा। हिसार 35.6 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा।
इसके अलावा चंडीगढ़ और सिरसा में 35.4 डिग्री, अंबाला में 33.8, पंचकूला में 32.8, करनाल में 31, जबकि रोहतक में 31.4 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।
पलवल में सबसे ज्यादा 40.5 MM बारिश
पिछले 24 घंटे के दौरान पलवल में सबसे ज्यादा 40.5 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।
वहीं करनाल के इंद्री और रोहतक के कैनाल रेस्ट हाउस क्षेत्र में 2-2 MM, पानीपत के उझा में 1.5 MM और फरीदाबाद में 0.5 MM बारिश दर्ज हुई। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहा।
बिजली गिरने के दौरान सावधानी की अपील
मौसम विभाग ने गरज-चमक के दौरान लोगों को खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े नहीं होने की सलाह दी है। किसानों को भी मौसम के पूर्वानुमान को ध्यान में रखते हुए कृषि कार्य करने की हिदायत दी गई है।
अगले कुछ दिनों तक हरियाणा के अलग-अलग हिस्सों में मौसम में बदलाव जारी रहने की संभावना है।
Keywords
Haryana Weather News, Haryana Rain, Haryana Monsoon, Haryana Weather Alert, Palwal Rain, Hisar Weather, Panipat Rain, Gurugram Weather, Haryana Rain Alert, IMD Chandigarh




