Welcome to भगवा हिन्दुस्तान   Click to listen highlighted text! Welcome to भगवा हिन्दुस्तान
delhi

दिल्ली PG हादसा: मलबे से 6 शव निकाले, 12 का रेस्क्यू; बेसमेंट में तोड़फोड़ के दौरान गिरी 5 मंजिला इमारत

सत्य निकेतन में रातभर चला रेस्क्यू ऑपरेशन, NDRF के स्निफर डॉग और कैमरों से तलाश; 5 घायल AIIMS में भर्ती

नई दिल्ली | दिल्ली यूनिवर्सिटी के साउथ कैंपस के पास सत्य निकेतन में रविवार दोपहर गिरी पांच मंजिला इमारत के मलबे से अब तक 6 शव निकाले जा चुके हैं, जबकि 12 लोगों को रेस्क्यू किया गया है। पांच गंभीर घायलों का AIIMS में इलाज चल रहा है। मलबे में अभी भी कुछ लोगों के दबे होने की आशंका है। रेस्क्यू टीम स्निफर डॉग और कैमरों की मदद से लगातार तलाशी अभियान चला रही है।

बेसमेंट में 7 दिन से चल रही थी तोड़फोड़

हादसा रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे हुआ। करीब 40 साल पुरानी इस इमारत को MCD रिकॉर्ड में खतरनाक घोषित नहीं किया गया था।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, इमारत के बेसमेंट में पिछले सात दिनों से तोड़फोड़ और खुदाई का काम चल रहा था। बेसमेंट पहले से कमजोर था और उसमें पानी भी भरा हुआ था। खुदाई के दौरान एक पिलर खिसकने से पूरी इमारत ढह गई। हादसे के वक्त काम कर रहे मजदूर भी मलबे में दब गए।

आसपास की इमारत को भी कराया गया खाली

गिरी इमारत के पास मौजूद एक दूसरी बिल्डिंग में भी दरारें दिखाई दी हैं। सुरक्षा के लिहाज से उसे खाली करा दिया गया है। रेस्क्यू टीम को आशंका है कि मलबा हटाने के दौरान इस इमारत के भी गिरने का खतरा है। इसे सुरक्षित रखने के लिए सपोर्टिंग पिलर लगाए जा रहे हैं।

AIIMS में 11 मरीज पहुंचे, एक की इलाज के दौरान मौत

AIIMS के मुताबिक, हादसे के बाद JPN एपेक्स ट्रॉमा सेंटर में 11 मरीजों को लाया गया। इनमें 5 को मृत अवस्था में लाया गया था, जबकि एक गंभीर घायल ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

तीन मरीजों को अस्पताल में भर्ती कर इलाज दिया जा रहा है। इनमें एक मरीज के पैर की सर्जरी की गई। एक अन्य मरीज को मामूली चोट थी और निगरानी के बाद उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

फायर विभाग को 1:33 बजे मिली सूचना

दिल्ली फायर अधिकारी अभिलाष कुमार मलिक के अनुसार, दमकल विभाग को इमारत गिरने की सूचना दोपहर 1:33 बजे मिली थी। सूचना मिलने के एक मिनट बाद शुरुआती टीम को घटनास्थल के लिए रवाना कर दिया गया।

मौके पर पहुंचने के बाद स्थिति का जायजा लेकर रेस्क्यू अभियान तेज किया गया। दमकल, NDRF और अन्य बचाव दलों ने मिलकर मलबे में फंसे लोगों की तलाश की।

बेसमेंट तक पहुंचने में आई मुश्किल

रेस्क्यू टीमों को बेसमेंट तक पहुंचने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। मलबे के अंदर कैमरे डालकर तलाशी ली जा रही थी, लेकिन सुबह 5:30 बजे तक बेसमेंट तक पहुंचने में सफलता नहीं मिली थी।

NDRF की टीम स्निफर डॉग की मदद से भी मलबे में दबे लोगों की तलाश कर रही है।

बिल्डिंग मालिक के खिलाफ FIR

पुलिस ने बिल्डिंग के मालिक हरिराम बंसल के खिलाफ गैर इरादतन हत्या और लापरवाही की धाराओं में FIR दर्ज की है। वहीं, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मामले की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं।

मेयर प्रवेश वाही ने कहा है कि चार मंजिल से ज्यादा वाले अवैध निर्माणों को तत्काल सील करने और दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

सत्य निकेतन में बड़ी संख्या में रहते हैं छात्र

सत्य निकेतन दिल्ली यूनिवर्सिटी के साउथ कैंपस के पास स्थित प्रमुख छात्र इलाका है। यहां बड़ी संख्या में छात्र PG और हॉस्टल में रहते हैं। आसपास वेंकटेश्वर कॉलेज, आर्यभट्ट, मोतीलाल नेहरू और मैत्रेयी कॉलेज भी हैं।

दिल्ली में 3 साल में बिल्डिंग गिरने की 1133 घटनाएं

रिपोर्ट के मुताबिक, 2022 से 2025 तक दिल्ली में बिल्डिंग गिरने की 1133 घटनाएं सामने आईं। इन हादसों में 98 लोगों की मौत हुई।

Keywords

Delhi Building Collapse, Delhi PG Accident, Satya Niketan Building Collapse, दिल्ली बिल्डिंग हादसा, सत्य निकेतन हादसा, दिल्ली PG हादसा, NDRF Rescue, AIIMS, MCD, Delhi News

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!