बद्रीनाथ में स्नान के दौरान दो बहनों की मौत, 108 डुबकी के संकल्प में हुआ हादसा
राजस्थान के भीलवाड़ा की रहने वाली थीं दोनों महिलाएं; 50 डुबकी लगाने के बाद अचानक बेहोश होकर तप्त कुंड में गिरीं, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

उत्तराखंड के बद्रीनाथ धाम में शुक्रवार सुबह तप्त कुंड में स्नान करते समय राजस्थान की रहने वाली दो महिला श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत हो गई। दोनों रिश्ते की बहनें थीं और बद्रीनाथ धाम में धार्मिक यात्रा के लिए आई श्रद्धालुओं की टोली में शामिल थीं। मृतकों की पहचान भीलवाड़ा निवासी 71 वर्षीय रामु देवी और 73 वर्षीय प्रेम देवी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार राजस्थान से 100 से अधिक श्रद्धालुओं का दल 4 सितंबर से बद्रीनाथ धाम में मौजूद है और यहां कथा का आयोजन भी किया जा रहा था। शुक्रवार सुबह चार महिला श्रद्धालु 108 डुबकी लगाने के संकल्प के साथ महिला तप्त कुंड में स्नान करने पहुंचीं। करीब 50 डुबकी लगाने के बाद रामु देवी और प्रेम देवी अचानक बेहोश होकर कुंड में गिर गईं। मौके पर मौजूद अन्य श्रद्धालुओं ने दोनों को तुरंत कुंड से बाहर निकाला और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि शुरुआत में दोनों महिलाएं धीरे-धीरे डुबकी लगा रही थीं, लेकिन उनके परिवार के सदस्य मंदिर में दर्शन के लिए चले गए। इसके बाद दोनों ने तेजी से डुबकी लगानी शुरू कर दी। पुलिस और SDRF के अनुसार इसी दौरान उनकी सांस फूलने और बेहोश होने की स्थिति बनी। घटना सुबह करीब 5 बजे की बताई गई है। कुंड में स्नान कर रही अन्य दो महिलाएं भगवती देवी और सोहनी देवी सुरक्षित हैं। पुलिस ने घटना की जानकारी मृतकों के परिवार को दी और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। परिवार की ओर से पोस्टमॉर्टम कराने से इनकार किया गया है। परिजनों ने बताया कि दोनों महिलाओं के अंतिम संस्कार की आगे की प्रक्रिया हरिद्वार में की जाएगी, इसलिए वे शव अपने साथ ले जाना चाहते हैं। SDM के निर्देश के बाद पुलिस की आवश्यक कार्रवाई पूरी होने पर शव परिवार को सौंपे जाएंगे। इस घटना के बाद बद्रीनाथ धाम में श्रद्धालुओं के बीच भी शोक का माहौल है। धार्मिक आस्था के तहत किए जा रहे स्नान के दौरान हुई इस घटना ने सभी को झकझोर दिया है।