मध्य प्रदेश

बरगी क्रूज हादसे की याद में बनाई गणेश झांकी

मां-बेटे की दर्दनाक तस्वीर ने झकझोरा था; 3-डी झांकी में फिर दिखाया हादसे का मंजर, लाइफ जैकेट पहनने का दिया संदेश

जबलपुर। बरगी डैम में हुए क्रूज हादसे की दर्दनाक यादें आज भी लोगों के जेहन में हैं। गणेश उत्सव के दौरान जबलपुर के गंगा नगर में इसी हादसे को झांकी के जरिए फिर जीवंत किया गया है। झांकी में बरगी डैम, क्रूज, पानी में जान बचाने की कोशिश करते लोग और हादसे में सामने आई मां-बेटे की मार्मिक तस्वीर को दिखाया गया है।

डैम के बीच विराजे गणेश जी, आसपास हादसे का मंजर

गंगा नगर निवासी 22 वर्षीय आदर्श पटेल ने घर के बाहर गणेश प्रतिमा स्थापित कर यह झांकी तैयार की। उन्होंने बरगी डैम का स्वरूप बनाया और उसके बीच गणेश प्रतिमा स्थापित की। इसके आसपास क्रूज हादसे के दौरान बने हालात और लोगों की जान बचाने की जद्दोजहद को दर्शाया गया है।

झांकी में उस मार्मिक दृश्य को भी दिखाया गया है, जिसमें एक मां अपने बच्चे को सीने से लगाए हुई थी। हादसे के बाद सामने आई इस तस्वीर ने लोगों को काफी भावुक किया था।

3-डी तकनीक से उकेरा हादसा

आदर्श पटेल के मुताबिक, करीब पांच महीने पहले बरगी में हुए हादसे के बाद वे खुद भी डैम पहुंचे थे। वहां के दृश्य और लोगों की जद्दोजहद ने उन्हें प्रभावित किया। इसके बाद उन्होंने हादसे को गणेश उत्सव की झांकी के माध्यम से श्रद्धांजलि के रूप में प्रस्तुत करने का फैसला किया।

गणेश प्रतिमा के पीछे 3-डी तकनीक से हादसे के अलग-अलग दृश्य तैयार किए गए हैं। झांकी में मृतकों को श्रद्धांजलि देने के साथ लोगों को जल परिवहन के दौरान सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का संदेश भी दिया गया है।

लाइफ जैकेट पहनने का संदेश

झांकी के जरिए लोगों से अपील की जा रही है कि क्रूज या नाव में बैठते समय लाइफ जैकेट जरूर पहनें। आदर्श का कहना है कि पानी में छोटी सी लापरवाही भी जान पर भारी पड़ सकती है। सुरक्षा उपकरणों का इस्तेमाल हादसे की स्थिति में बचाव की संभावना बढ़ा सकता है।

भूकंप कॉलोनी में भी बनाई गई झांकी

गंगा नगर के अलावा जबलपुर की भूकंप कॉलोनी में भी गणेश प्रतिमा के साथ बरगी क्रूज हादसे को झांकी के जरिए दर्शाया गया है। दोनों स्थानों की झांकियां हादसे की याद और सुरक्षा संदेश के कारण लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई हैं।

मां-बेटे की तस्वीर बनी हादसे की पहचान

हादसे के दौरान मां-बेटे को पानी से बाहर निकाला गया था। दोनों एक ही लाइफ जैकेट से जुड़े हुए थे और बच्चा मां के सीने से चिपका हुआ था। इस दर्दनाक दृश्य की तस्वीर तत्कालीन बरगी चौकी प्रभारी सरिता पटेल ने क्लिक की थी।

बाद में यह तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हुई। अब उसी मार्मिक दृश्य को गणेश झांकी में शामिल कर हादसे में जान गंवाने वालों को श्रद्धांजलि दी गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!