jaipur

राजस्थान से मानसून की विदाई शुरू, तापमान 40 के पार; अगले 4 दिन बारिश नहीं

राजस्थान में मानसून की वापसी तेज; बीकानेर संभाग समेत कई इलाकों से विदाई, जैसलमेर में लगातार दूसरे दिन 40.5 डिग्री तापमान

जयपुर। राजस्थान से मानसून की विदाई का दूसरा चरण शुरू हो गया है। सोमवार को बीकानेर संभाग के साथ झुंझुनूं जिले और सीकर-नागौर के कुछ हिस्सों से मानसून की विदाई हुई। प्रदेश में दिनभर मौसम साफ रहा और तेज धूप के कारण कई इलाकों में गर्मी और उमस बढ़ गई।

मौसम विभाग के अनुसार, आज राजस्थान में कहीं भी बारिश का अलर्ट नहीं है। अगले चार दिनों तक प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना है। अगले 2-3 दिनों में राज्य के कुछ और हिस्सों से मानसून की विदाई के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।

जैसलमेर में लगातार दूसरे दिन पारा 40 के पार

पश्चिमी राजस्थान में गर्मी का असर ज्यादा देखने को मिला। सोमवार को जैसलमेर में अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह लगातार दूसरा दिन है, जब यहां तापमान 40 डिग्री से ऊपर रहा।

वहीं बाड़मेर में दिन का तापमान 39.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। जोधपुर और बीकानेर संभाग के कई जिलों में भी अधिकतम तापमान 36 से 40 डिग्री के बीच रहा।

इन इलाकों से मानसून की विदाई

मानसून की वापसी के दूसरे चरण में राजस्थान के अलावा पंजाब के अधिकांश हिस्सों और हरियाणा के करीब आधे हिस्से से भी मानसून विदा हो चुका है।

राजस्थान में पूरे बीकानेर संभाग, संपूर्ण झुंझुनूं जिले तथा सीकर और नागौर के कुछ हिस्सों से मानसून की विदाई हो गई है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में राज्य के अन्य इलाकों से भी मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल बताई हैं।

इस सीजन सामान्य से कम बारिश

इस साल राजस्थान में मानसून का प्रदर्शन कमजोर रहा है। प्रदेश में अब तक सामान्य से करीब 21 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है। मानसून की विदाई के साथ अब बारिश की गतिविधियां और कम होने की संभावना है।

जयपुर में 34 डिग्री रहा तापमान

जयपुर में सोमवार को सुबह से शाम तक तेज धूप रही। शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में आसमान साफ रहा। अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अगले तीन-चार दिन भी मौसम साफ रहने का अनुमान है।

उदयपुर में बढ़ी गर्मी और उमस

उदयपुर में भी दिनभर तेज धूप रही। हल्की उमस के साथ गर्मी महसूस हुई। यहां अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन के तापमान में 0.6 डिग्री की बढ़ोतरी हुई।

कोटा में पारा 33.9 डिग्री

कोटा में सोमवार को अधिकतम तापमान 33.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जो पिछले दिन के मुकाबले करीब एक डिग्री ज्यादा है। न्यूनतम तापमान 25.2 डिग्री रहा। बारिश का यलो अलर्ट होने के बावजूद शाम तक शहर में बारिश नहीं हुई।

सीकर से मानसून की औपचारिक विदाई

सीकर में सुबह तेज धूप रही, जबकि शाम को हल्के बादल दिखाई दिए और उमस बढ़ गई। जिले से मानसून की औपचारिक विदाई हो चुकी है। सोमवार को अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

अजमेर में उमस ने बढ़ाई परेशानी

अजमेर में तेज धूप और नमी के कारण दिनभर उमस बनी रही। यहां अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम में नमी के कारण लोगों को गर्मी ज्यादा महसूस हुई।

अलवर में 39 डिग्री तक पहुंच सकता है पारा

अलवर में सोमवार को धूप के बीच कुछ समय बादल भी दिखाई दिए। अधिकतम तापमान करीब 37 डिग्री रहा। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान बढ़ सकता है। 22 सितंबर को पारा करीब 38 डिग्री और 25-26 सितंबर को 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है।

जोधपुर में सामान्य से 2.2 डिग्री ज्यादा तापमान

जोधपुर में सोमवार को अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.2 डिग्री अधिक है। न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री रहा। आगामी दिनों में बारिश की संभावना नहीं जताई गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!