videsh

ट्रम्प ने शी जिनपिंग के सम्मान में व्हाइट हाउस में दिया स्टेट डिनर: मेलानिया ने तैयार कराया खास मेन्यू, AI-व्यापार समेत कई मुद्दों पर हुई चर्चा

जंगली मशरूम के सूप से शुरू हुआ डिनर, तिल वाली सी-बास मछली और शहद से बनी आइसक्रीम परोसी गई; दोनों नेताओं की बैठक करीब 2 घंटे चली

वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने गुरुवार को चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग और उनकी पत्नी पेंग लियुआन के सम्मान में व्हाइट हाउस में स्टेट डिनर आयोजित किया। डिनर की तैयारियों की देखरेख फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रम्प ने की। मेहमानों को कई विशेष व्यंजन परोसे गए।

खास मेन्यू में क्या-क्या परोसा गया?

डिनर की शुरुआत पीले स्क्वैश से बने गाढ़े सूप से हुई, जिसमें जंगली मशरूम, हरी जड़ी-बूटियां, कुरकुरा पैनसेटा और हरे प्याज का तेल शामिल था।

इसके बाद तिल की परत वाली सी-बास मछली परोसी गई। इसके साथ बोक चॉय, भुना हुआ बैंगन और हरी चटनी दी गई। मिठाई में वनीला क्रीम, खट्टी चेरी और अखरोट से बनी डिश के साथ आइसक्रीम परोसी गई, जिसमें व्हाइट हाउस में तैयार किया गया शहद इस्तेमाल किया गया था।

ट्रम्प बोले- अमेरिका और चीन के रिश्ते बेहतर हुए

डिनर के दौरान ट्रम्प ने कहा कि अमेरिका और चीन की राजनीतिक व्यवस्थाएं अलग हैं, लेकिन दोनों देशों के लोगों के बीच संबंध मजबूत हैं। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के रिश्ते पहले से बेहतर हैं।

ट्रम्प ने चीन के अपने दौरे का जिक्र करते हुए कहा कि वहां उनका जिस गर्मजोशी से स्वागत हुआ था, अब अमेरिका भी जिनपिंग को वैसा ही सम्मान देना चाहता है। इस दौरान उन्होंने जिनपिंग को अमेरिका के राष्ट्रीय पक्षी बाल्ड ईगल का करीब 3 फीट ऊंचा स्टैच्यू भी उपहार में दिया।

जिनपिंग ने साझा इतिहास का किया जिक्र

जिनपिंग ने अपने भाषण में कहा कि चीन का मजबूत होना अमेरिका के खिलाफ नहीं है। उन्होंने दूसरे विश्व युद्ध के दौरान अमेरिका और चीन के साथ मिलकर जापान का मुकाबला करने का भी जिक्र किया।

उन्होंने पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति रिचर्ड निक्सन की 1972 की चीन यात्रा और पूर्व अमेरिकी विदेश मंत्री हेनरी किसिंजर की भूमिका को भी याद किया। हालांकि, भाषण में ताइवान और दक्षिण चीन सागर जैसे विवादित मुद्दों का उल्लेख नहीं किया गया।

टेक और बिजनेस जगत के दिग्गज भी हुए शामिल

स्टेट डिनर में अमेरिका के टेक और बिजनेस जगत की कई प्रमुख हस्तियां भी पहुंचीं। इनमें जेफ बेजोस, एलन मस्क, सुंदर पिचाई, सैम ऑल्टमैन, ग्रेग ब्रॉकमैन, जेन्सेन हुआंग और माइकल डेल शामिल थे।

ट्रम्प-जिनपिंग की करीब 2 घंटे बैठक

स्टेट डिनर से पहले ट्रम्प और जिनपिंग के बीच व्हाइट हाउस में करीब 2 घंटे तक द्विपक्षीय बैठक हुई। बैठक तय समय से करीब एक घंटे ज्यादा चली। इसमें AI, व्यापार, सुरक्षा और अमेरिका-चीन संबंधों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई।

व्यापार समझौता दो महीने बढ़ा

बैठक के दौरान अमेरिका और चीन के बीच चल रहे व्यापार समझौते को दो महीने और बढ़ाकर 10 जनवरी तक किए जाने की जानकारी दी गई। इससे पहले यह समझौता 10 नवंबर को समाप्त होना था।

जिनपिंग ने अगले पांच वर्षों में 1 लाख अमेरिकी छात्रों को चीन आने का न्योता भी दिया। उन्होंने अमेरिकी कंपनियों के लिए चीन का बाजार खुला रखने की बात कही।

AI को लेकर भी हुई चर्चा

बैठक में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस अहम मुद्दों में शामिल रहा। ट्रम्प ने AI को ‘सुपरइंटेलिजेंस’ बताया और इसके भविष्य पर जोर दिया। वहीं जिनपिंग ने कहा कि AI को हमेशा इंसानों के नियंत्रण में रहना चाहिए।

हमारे मठ
RNI NO. HARHIN/2023/90591

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!