
सिरसा जिले के गांव भूर्टवाला में ड्रग विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर सगे भाई-बहन को नशीली दवाइयों के कारोबार में पकड़ा है। दोनों पर लंबे समय से गांव में चोरी-छिपे नशे की दवाएं बेचने के आरोप लग रहे थे।
छापेमारी के दौरान युवती पुलिस टीम को देखकर घबराने लगी, जबकि उसका भाई मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस अब उसकी तलाश में जुटी हुई है।
घर से बड़ी मात्रा में कैप्सूल बरामद
टीम ने जब घर की तलाशी ली तो अलमारी से भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल बरामद हुए। पुलिस और ड्रग विभाग को 6600 और 300 अलग-अलग प्रकार के कैप्सूल मिले, जिन्हें कब्जे में ले लिया गया।
पूछताछ के दौरान युवती दवाइयों के बारे में संतोषजनक जवाब नहीं दे सकी। उसने बताया कि कोई व्यक्ति घर आकर दवाइयां देकर गया था और पूरे मामले की जानकारी उसके भाई को है।
ग्रामीणों ने लगाए युवाओं को नशे में धकेलने के आरोप
ग्रामीणों ने टीम को बताया कि दोनों भाई-बहन काफी समय से गांव में नशीली दवाइयों का कारोबार कर रहे थे और युवाओं को नशे की लत में धकेल रहे थे।
ग्रामीणों के अनुसार युवक खुद भी नशे का आदी है। उनके पिता पहले से ही किसी अन्य मामले में जेल में बंद बताए जा रहे हैं।
ड्रग कंट्रोल ऑफिसर ने दी जानकारी
ड्रग कंट्रोल ऑफिसर केशव वशिष्ठ ने बताया कि युवती से पूछताछ जारी है। उसने न तो दवा सप्लाई करने वाले व्यक्ति का सही नाम बताया और न ही मोबाइल नंबर उपलब्ध करवाया।
उन्होंने कहा कि फरार भाई की गिरफ्तारी के बाद पूरे नेटवर्क का खुलासा हो सकता है। फिलहाल दोनों को नोटिस जारी करने की प्रक्रिया की जा रही है।
एसपी बोले- फरार आरोपी की तलाश जारी
एसपी दीपक सहारण ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर एंटी नारकोटिक्स सेल और ड्रग कंट्रोल विभाग की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की।
उन्होंने मेडिकल स्टोर संचालकों को भी सख्त चेतावनी दी कि बिना डॉक्टर की पर्ची के किसी भी प्रकार की नशीली दवाइयों की बिक्री न करें।
#Sirsa #DrugCase #AntiNarcotics #HaryanaPolice #CrimeNews #DrugFreeHaryana #BhagwaHindustan #BhagwaHindusthan #HamareMath #GiriReporter #MandiDabwali




