Welcome to भगवा हिन्दुस्तान   Click to listen highlighted text! Welcome to भगवा हिन्दुस्तान
bihar

बिहार में 17 IAS अधिकारियों का तबादला, सीवान DM बदले गए

छात्र प्रदर्शन के दौरान AK-47 से फायरिंग के बाद सीवान में बदलाव; भरत एनकाउंटर के बाद भोजपुर को नया DM, कई बड़े विभागों की जिम्मेदारियां भी बदलीं

पटना। बिहार सरकार ने सोमवार देर रात बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 17 IAS अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया है। सीवान के जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय का तबादला कर उन्हें सामान्य प्रशासन विभाग में वेटिंग फॉर पोस्टिंग में रखा गया है। सीवान में छात्र प्रदर्शन के दौरान AK-47 से फायरिंग की घटना के बाद यह बदलाव महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

भोजपुर में भरत एनकाउंटर के बाद तनय सुल्तानिया की जगह मनोज कुमार मीणा को नया जिलाधिकारी बनाया गया है। इसके अलावा राज्य के पांच जिलों के DM भी बदले गए हैं।

पंकज कुमार बने गृह विभाग के प्रधान सचिव

1997 बैच के IAS अधिकारी पंकज कुमार को ग्रामीण विकास विभाग के प्रधान सचिव पद से हटाकर गृह विभाग का प्रधान सचिव बनाया गया है। वह जांच आयुक्त, सामान्य प्रशासन विभाग के अतिरिक्त प्रभार में पहले की तरह बने रहेंगे।

पंकज कुमार के गृह विभाग में आने के बाद कुंदन कुमार गृह विभाग के सचिव के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त हो जाएंगे। कुंदन कुमार उद्योग विभाग के सचिव समेत अन्य जिम्मेदारियां संभालते रहेंगे।

राजेश कुमार बने पटना प्रमंडल के आयुक्त

2001 बैच के IAS अधिकारी राजेश कुमार को लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के प्रधान सचिव पद से हटाकर पटना प्रमंडल का नया आयुक्त बनाया गया है।

पटना के मौजूदा आयुक्त मयंक वरवड़े को निगरानी विभाग का प्रधान सचिव बनाया गया है।

ग्रामीण विकास विभाग की जिम्मेदारी एचआर श्रीनिवास को

1996 बैच के IAS अधिकारी एचआर श्रीनिवास को समाज कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव पद से हटाकर ग्रामीण विकास विभाग का अपर मुख्य सचिव बनाया गया है। वह जांच आयुक्त, सामान्य प्रशासन विभाग के अतिरिक्त प्रभार में बने रहेंगे।

अरविंद कुमार चौधरी को BIPARD का अतिरिक्त प्रभार

1995 बैच के IAS अधिकारी अरविंद कुमार चौधरी, जो मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग के अपर मुख्य सचिव हैं, उन्हें अगले आदेश तक BIPARD के महानिदेशक का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वह बिहार राज्य संयुक्त प्रवेश परीक्षा पर्षद के परीक्षा नियंत्रक का अतिरिक्त प्रभार भी संभालते रहेंगे।

विनय कुमार बने वित्त विभाग के प्रधान सचिव

1999 बैच के IAS अधिकारी विनय कुमार को नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव पद से स्थानांतरित कर वित्त विभाग का प्रधान सचिव बनाया गया है। हालांकि, वह अगले आदेश तक नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगे।

संजय कुमार सिंह को मद्य निषेध विभाग

2007 बैच के IAS अधिकारी संजय कुमार सिंह को वित्त विभाग के सचिव पद से हटाकर मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग का सचिव बनाया गया है।

वह वाणिज्य कर विभाग के सचिव, वाणिज्य कर आयुक्त/अपर आयुक्त GST और मुख्यमंत्री सचिवालय के सचिव का अतिरिक्त प्रभार पहले की तरह संभालते रहेंगे।

शिक्षा विभाग में भी बदलाव

2010 बैच के IAS अधिकारी राजीव रौशन को उच्च शिक्षा विभाग के सचिव पद से स्थानांतरित कर शिक्षा विभाग का सचिव बनाया गया है। वह उच्च शिक्षा विभाग के सचिव और वित्त विभाग के सचिव (संसाधन) का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगे।

वहीं निर्वाचन विभाग के सचिव-सह-मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी विनोद सिंह गुंजियाल को समाज कल्याण विभाग के सचिव का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। उन्हें शिक्षा विभाग के सचिव के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त किया गया है।

लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग की जिम्मेदारी बी. कार्तिकेय धनजी को

2008 बैच के IAS अधिकारी बी. कार्तिकेय धनजी को लघु जल संसाधन विभाग के सचिव पद से हटाकर लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग का सचिव बनाया गया है। वह जांच आयुक्त, सामान्य प्रशासन विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी संभालते रहेंगे।

चंद्रशेखर सिंह जल संसाधन विभाग के सचिव बने रहेंगे और उन्हें लघु जल संसाधन विभाग के सचिव का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।

बिहार शिक्षा परियोजना परिषद का भी अतिरिक्त प्रभार

2013 बैच के IAS अधिकारी नवदीप शुक्ला, जो युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के विशेष सचिव हैं, उन्हें अगले आदेश तक बिहार शिक्षा परियोजना परिषद के परियोजना निदेशक का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वह बिहार कौशल विकास मिशन के अपर कार्यपालक पदाधिकारी का अतिरिक्त प्रभार भी संभाल रहे हैं।

प्रशासनिक फेरबदल में कई अहम बदलाव

सरकार के इस फेरबदल में जिलों के DM से लेकर गृह, वित्त, शिक्षा, ग्रामीण विकास, समाज कल्याण, निगरानी, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण और मद्य निषेध जैसे महत्वपूर्ण विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!