ईरान होर्मुज से गुजरने वाले जहाजों से वसूलेगा टोल: संसद ने दी मंजूरी; रियाल या पसंदीदा करेंसी में होगा भुगतान, बदले में सुरक्षा-इंश्योरेंस
अमेरिका से बढ़ते तनाव के बीच ईरान का बड़ा फैसला; खाड़ी देशों को चेतावनी, ट्रम्प होर्मुज को अमेरिकी इलाका बता चुके हैं

तेहरान। अमेरिका के साथ बढ़ते तनाव के बीच ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट को लेकर बड़ा फैसला लिया है। ईरानी संसद ने स्ट्रेट से गुजरने वाले जहाजों से टोल यानी शुल्क वसूलने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। ईरानी मीडिया के मुताबिक, जिन देशों के जहाजों को होर्मुज से गुजरने की अनुमति दी जाएगी, उनसे समुद्री सेवाओं के बदले शुल्क लिया जाएगा।
ईरानी संसद की राष्ट्रीय सुरक्षा और विदेश नीति समिति के प्रवक्ता हसन काशकवी के अनुसार, शुल्क के बदले जहाजों को समुद्री सेवाएं, सुरक्षा और इंश्योरेंस जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। जरूरत पड़ने पर पर्यावरण संबंधी सेवाएं और विशेष परिस्थितियों में ईंधन भी उपलब्ध कराया जा सकता है।
भुगतान ईरानी रियाल या ईरान की ओर से स्वीकार की जाने वाली किसी अन्य करेंसी में किया जा सकेगा।
अमेरिका ने ईरान पर आर्थिक दबाव बढ़ाया
अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने कहा है कि ट्रम्प प्रशासन ईरान के खिलाफ आर्थिक कार्रवाई के अंतिम चरण में पहुंच गया है। अमेरिका का लक्ष्य ईरान की कमाई के प्रमुख स्रोतों को प्रभावित करना और उस पर आर्थिक दबाव बढ़ाना है।
अमेरिका ने अन्य देशों से भी ईरान को अलग-थलग करने की कोशिशों में सहयोग करने की अपील की है।
ईरान ने खाड़ी देशों को दी चेतावनी
ईरान ने अमेरिका की आर्थिक कार्रवाई में सहयोग करने वाले खाड़ी देशों को चेतावनी दी है। ईरान के नए राष्ट्रीय सुरक्षा प्रमुख मोहसिन रेजाई के मुताबिक, जो देश ईरान पर प्रतिबंध लगाने में अमेरिका का साथ देंगे, उन्हें दुश्मन माना जाएगा।
इस बयान से खाड़ी क्षेत्र में पहले से जारी तनाव और बढ़ने की आशंका है।
मक्का एग्रीमेंट में शामिल होने का न्योता मिलने का दावा
एक ईरानी अधिकारी ने दावा किया है कि तेहरान को मक्का एग्रीमेंट में शामिल होने का न्योता मिला है। ईरानी संसद से जुड़े मेहदी रहीमी के मुताबिक, इस प्रस्ताव पर अभी विचार किया जा रहा है।
हालांकि, ईरान के विदेश मंत्रालय और समझौते से जुड़े सऊदी अरब, तुर्किये और पाकिस्तान ने इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
इन तीनों देशों ने 7 अगस्त को मक्का में आपसी रक्षा समझौते पर हस्ताक्षर किए थे। समझौते के तहत किसी एक देश पर हमला तीनों देशों पर हमला माना जाएगा।
ट्रम्प होर्मुज को अमेरिकी इलाका बता चुके हैं
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प पहले ही होर्मुज स्ट्रेट को ‘न्यू यूएस टेरिटरी’ यानी नया अमेरिकी इलाका बता चुके हैं। 18 अगस्त को उन्होंने पहली बार होर्मुज पर अमेरिकी नियंत्रण की बात कही थी।
इसके बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर एक तस्वीर भी साझा की, जिसमें होर्मुज को अमेरिकी इलाके के रूप में दिखाया गया था।
होर्मुज के दो समुद्री रास्तों को लेकर बढ़ा तनाव
अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बढ़ने के बाद होर्मुज स्ट्रेट में जहाजों के आवागमन को लेकर दो प्रमुख रास्तों की चर्चा हो रही है।
ईरानी रास्ता: यह होर्मुज के उत्तरी हिस्से में ईरान के तट के पास है। यह लारक और किश्म द्वीपों के आसपास से गुजरता है और ईरान के बंदरगाहों तथा तेल टर्मिनलों से जुड़ा है।
ओमानी रास्ता: यह दक्षिणी हिस्से में ओमान के करीब है और ईरानी तट से अपेक्षाकृत दूर है। अमेरिका जहाजों को इस रास्ते से गुजरने पर जोर देता रहा है। अमेरिकी नौसेना की सुरक्षा में चलने वाले कई व्यावसायिक जहाज भी इसी मार्ग का इस्तेमाल करते हैं।
होर्मुज स्ट्रेट दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री व्यापार मार्गों में से एक है। यहां तनाव बढ़ने से तेल और वैश्विक शिपिंग बाजार पर भी असर पड़ सकता है।




