हरियाणा के उत्तरी जिलों में मानसून फिर एक्टिव, पंचकूला-यमुनानगर में बूंदाबांदी
17 अगस्त की रात से 20 अगस्त तक बढ़ेगी बारिश की गतिविधि; पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर में भारी बारिश का अलर्ट, हिसार सबसे गर्म

नारनौल। हरियाणा में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने के संकेत हैं। राज्य के उत्तरी जिलों में आज से बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। रविवार सुबह पंचकूला और यमुनानगर में बूंदाबांदी भी हुई। हालांकि बाद में मौसम साफ हो गया, लेकिन मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में इन क्षेत्रों में अच्छी बारिश की संभावना जताई है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) और चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (HAU), हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार 17 अगस्त की रात से 20 अगस्त तक राज्य में बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी हो सकती है।
पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर में भारी बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार उत्तरी हरियाणा में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है। 17 अगस्त को पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
18 अगस्त को भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां तेज रहने का अनुमान है।
18 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार
पूर्वानुमान के अनुसार यमुनानगर में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके अलावा पंचकूला, अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, नूंह, पलवल, फरीदाबाद, रोहतक, सोनीपत, पानीपत, जींद, भिवानी और चरखी दादरी में कुछ स्थानों पर बारिश की संभावना है।
वहीं फतेहाबाद, सिरसा और हिसार में छिटपुट स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।
उत्तरी हरियाणा में बन सकता है साइक्लोनिक सर्कुलेशन
HAU के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार मानसून ट्रफ की उत्तरी सीमा अमृतसर, लुधियाना, मुरादाबाद, लखनऊ, वाराणसी और उत्तर ओडिशा होते हुए उत्तर-पूर्वी बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है।
इसके अलावा उत्तरी हरियाणा के ऊपर साइक्लोनिक सर्कुलेशन बनने की संभावना है। इससे मानसूनी हवाओं की सक्रियता बढ़ सकती है और बारिश के लिए परिस्थितियां अनुकूल हो सकती हैं।
मौसम विभाग के अनुसार 21 अगस्त से राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियां और बढ़ सकती हैं।
दिन के तापमान में गिरावट के आसार
बारिश और बादल छाए रहने से दिन के तापमान में हल्की गिरावट आने की संभावना है। वहीं रात के तापमान में मामूली बढ़ोतरी हो सकती है।
किसानों को मौसम के पूर्वानुमान को ध्यान में रखते हुए कृषि कार्यों की योजना बनाने और भारी बारिश वाले क्षेत्रों में जलभराव से बचाव के लिए आवश्यक इंतजाम करने की सलाह दी गई है।
हिसार रहा प्रदेश में सबसे गर्म
रविवार को हरियाणा में अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास रहा। प्रदेश में सबसे अधिक 36 डिग्री सेल्सियस तापमान हिसार में दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार पिछले दिन के मुकाबले राज्य के अधिकतम तापमान में औसतन करीब 0.8 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। हालांकि अगले कुछ दिनों में बारिश और बादलों के कारण दिन के तापमान में गिरावट आने की संभावना है।
हमारे मठ | हम बोलते हैं सच, बिना डर
वेबसाइट: bhagwahindustan.in
RNI No.: HARHIN/2023/90591




