2024 में लगाए गए 12.41 लाख पौधों की होगी री-काउंटिंग; बीएल संतोष और कैलाश विजयवर्गीय रहेंगे मौजूद
इंदौर। इंदौर के रेवती रेंज में रविवार को 51 हजार पौधों का रोपण किया जाएगा। ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत होने वाले इस कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय समेत कई जनप्रतिनिधि शामिल होंगे।
इस आयोजन को लेकर खास बात यह है कि रेवती रेंज में साल 2024 में भी बड़े स्तर पर पौधारोपण किया गया था। उस दौरान इंदौरवासियों की भागीदारी से 12 लाख 41 हजार 17 पौधे लगाए गए थे। इस अभियान ने गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया था।
2024 के पौधों की होगी री-काउंटिंग
अब दो साल पहले लगाए गए पौधों की री-काउंटिंग कराई जा रही है। इसका उद्देश्य यह पता लगाना है कि लगाए गए पौधों में से कितने अभी जीवित और सुरक्षित हैं।
यदि बड़ी संख्या में पौधे जीवित मिलते हैं तो इसे पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा सकता है और यह एक नए विश्व रिकॉर्ड की दिशा में भी अहम कदम हो सकता है।
लोगों से अभियान में शामिल होने की अपील
आयोजकों ने लोगों से रेवती रेंज पहुंचकर 2024 में लगाए गए पौधों की री-काउंटिंग प्रक्रिया का हिस्सा बनने की अपील की है। साथ ही लोगों से एक पौधा लगाने और उसके संरक्षण की जिम्मेदारी लेने का आह्वान किया गया है।
शनिवार को भी हुआ पौधारोपण
शनिवार को भी मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत रेवती रेंज में पौधारोपण किया।
आयोजकों का कहना है कि बड़े स्तर पर पौधारोपण के साथ-साथ लगाए गए पौधों के संरक्षण और उनके जीवित रहने की निगरानी भी जरूरी है।


