देश

मुंबई में 10वीं मंजिल से कूदी नवविवाहिता, पेड़ में फंसने से बची जान: डाल पैर में घुसी तो 20 फीट ऊपर हवा में लटकी; फायर ब्रिगेड ने किया रेस्क्यू

26 साल की प्रतीक्षा की 4 महीने पहले हुई थी शादी; गंभीर हालत में सायन अस्पताल रेफर, छलांग लगाने की वजह अभी स्पष्ट नहीं

मुंबई। मुंबई के तुलशेतपाड़ा इलाके में बुधवार सुबह एक नवविवाहिता ने कथित तौर पर 10वीं मंजिल की खिड़की से छलांग लगा दी। नीचे गिरते समय वह एक पेड़ में फंस गई, जिससे उसकी जान बच गई। हालांकि, पेड़ की मोटी डाल उसके पैर में घुस गई और वह करीब 20 फीट की ऊंचाई पर हवा में लटक गई।

घटना सनशाइन को-ऑपरेटिव हाउसिंग सोसायटी में सुबह करीब 9:30 बजे हुई। सूचना मिलने के बाद मुंबई फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और महिला को सुरक्षित नीचे उतारा।

महिला की पहचान 26 वर्षीय प्रतीक्षा हिवराले के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उसकी शादी करीब चार महीने पहले हुई थी। महिला ने ऐसा कदम क्यों उठाया, इसकी वजह अभी सामने नहीं आई है।

आरी से काटी पेड़ की डाल, रस्सियों से नीचे उतारा

फायर ब्रिगेड के अनुसार, महिला बिल्डिंग की खिड़की से नीचे गिरी और पेड़ की एक करीब 50-60 मिमी मोटी डाल में फंस गई। डाल उसके पैर में घुस गई थी, जिसके कारण वह पेड़ पर ही अटक गई।

रेस्क्यू टीम ने एंगस लैडर की मदद से महिला तक पहुंच बनाई। इसके बाद इलेक्ट्रिक आरी से पेड़ की डाल को काटा गया। महिला को स्ट्रेचर पर सुरक्षित तरीके से बांधकर रस्सियों की मदद से नीचे उतारा गया।

गंभीर हालत में अस्पताल भेजा गया

रेस्क्यू के बाद प्रतीक्षा को इलाज के लिए LTMG सायन अस्पताल रेफर किया गया। पैर में गंभीर चोट के चलते उसकी सर्जरी की जरूरत बताई गई है।

महिला की हालत गंभीर होने के कारण पुलिस अभी उसका बयान दर्ज नहीं कर पाई है। पुलिस के मुताबिक, उसके ठीक होने के बाद बयान दर्ज किया जाएगा। इसके बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि उसने 10वीं मंजिल से छलांग क्यों लगाई।

पुलिस ने परिवार को घटना की जानकारी दे दी है और मामले की जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!