राजस्थान में आज 14 जिलों में तेज बारिश का यलो अलर्ट, 40 डिग्री के करीब पहुंचा तापमान; गर्मी-उमस बढ़ी
शनिवार को 18 जिलों में अलर्ट के बावजूद अधिकांश इलाकों में नहीं हुई बारिश, गंगानगर में 39.6 डिग्री तापमान; मानसून ट्रफ उत्तर में अटकी, आज 14 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट।

जयपुर। राजस्थान में मानसून की रफ्तार धीमी पड़ने से बारिश का दौर कमजोर हो गया है। शनिवार को 18 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी होने के बावजूद अधिकांश इलाकों में बारिश नहीं हुई। अब मौसम विभाग ने रविवार को प्रदेश के 14 जिलों में तेज बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। बारिश की कमी के कारण कई इलाकों में दिन का तापमान बढ़ने के साथ गर्मी और उमस का असर भी बढ़ गया है।
धौलपुर में सबसे ज्यादा 21 MM बारिश
शनिवार को प्रदेश में सबसे ज्यादा बारिश धौलपुर जिले के राजाखेड़ा में 21 MM दर्ज की गई। इसके अलावा अलवर के लक्ष्मणगढ़ में 10 MM, कठूमर में 5 MM, धौलपुर के बसेड़ी में 4 MM और भरतपुर के नगर में 3 MM बारिश हुई। डूंगरपुर के चिखली में भी हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई।
वहीं जयपुर, अजमेर, बीकानेर, जोधपुर, कोटा और उदयपुर संभाग में मौसम मुख्य रूप से साफ रहा।
गंगानगर में 39.6 डिग्री पहुंचा तापमान
बारिश नहीं होने से राजस्थान के कई हिस्सों में गर्मी और उमस बढ़ गई है। शनिवार को प्रदेश के 9 शहरों में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक दर्ज किया गया। गंगानगर में सबसे अधिक 39.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ।
चित्तौड़गढ़, कोटा, पिलानी, सीकर, चूरू और गंगानगर समेत कई इलाकों में तापमान सामान्य से करीब 3 डिग्री तक अधिक रहा।
उत्तर की ओर अटका मानसून ट्रफ
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार मानसून ट्रफ पिछले कुछ दिनों से अपनी सामान्य स्थिति से उत्तर की ओर बनी हुई है। वर्तमान में यह अमृतसर, नजीबाबाद और हरदोई से होते हुए पूर्वी मध्य प्रदेश के लो-प्रेशर एरिया, जमशेदपुर और दीघा से होकर बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है।
इसका असर पंजाब, उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और झारखंड के कई इलाकों में देखने को मिल रहा है, जहां अच्छी बारिश हो रही है। दूसरी ओर राजस्थान में मानसून की गतिविधियां अपेक्षाकृत कमजोर बनी हुई हैं।
जयपुर में बारिश नहीं, बढ़ी गर्मी-उमस
जयपुर में शनिवार को दिनभर हल्की धूप रही। शाम को कुछ इलाकों में बादल छाए, लेकिन बारिश नहीं हुई। शहर में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 2.2 डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
उदयपुर में बादल छाए, लेकिन नहीं बरसे
उदयपुर में शनिवार सुबह से बादल छाए रहे। दिन में धूप निकली और शाम चार बजे के बाद घने बादल छाने के साथ ठंडी हवा चली, लेकिन शहर और जिले में बारिश नहीं हुई। अधिकतम तापमान 32.1 और न्यूनतम 22.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
अलवर में तेज धूप के बाद शाम को बदला मौसम
अलवर में दिनभर तेज धूप के कारण गर्मी रही। अधिकतम तापमान करीब 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शाम को अचानक बादल छा गए। मौसम विभाग के अनुसार अलवर में 27 अगस्त तक बारिश और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है।
कोटा में मानसून कमजोर
कोटा में शनिवार को बारिश का अलर्ट होने के बावजूद बारिश नहीं हुई। गर्मी और उमस से लोग परेशान रहे। अधिकतम तापमान 34.3 और न्यूनतम 25.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने कोटा संभाग में 24 अगस्त तक बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।
अजमेर में भी बारिश का इंतजार
अजमेर में मानसून की सुस्ती शनिवार को भी जारी रही। बारिश की उम्मीद के बावजूद दिन में धूप और गर्मी रही। अधिकतम तापमान 32.9 और न्यूनतम 23.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आने वाले दिनों में बारिश की संभावना जताई गई है।
जोधपुर में अगले पांच दिन बारिश की संभावना कम
जोधपुर में शनिवार को मौसम सामान्य रहा। दिन में धूप के कारण उमस बढ़ी। अधिकतम तापमान 33.6 और न्यूनतम 26.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार अगले पांच दिनों में यहां बारिश की संभावना कम है।
सीकर में भी नहीं हुई बारिश
सीकर में शनिवार सुबह हल्के बादल छाए रहे, जिसके बाद तेज धूप निकल आई। दोपहर 3 बजे के बाद फिर बादल छाए और शाम को हल्की हवा चली, लेकिन जिले में कहीं भी बारिश नहीं हुई। अधिकतम तापमान 35.5 और न्यूनतम 24.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
आज इन जिलों में बारिश का यलो अलर्ट
मौसम विभाग ने रविवार को राजस्थान के 14 जिलों में तेज बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। मानसून की गतिविधियों में सुधार होने पर इन इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। हालांकि प्रदेश के कई अन्य हिस्सों में अभी भी गर्मी और उमस का असर बना रहने की संभावना है।



