राष्ट्रीय खेल दिवस पर पुलिस लाइन डबवाली में जवानों ने दिखाया दमखम
रस्साकस्सी, वॉलीबॉल, क्रिकेट और बैडमिंटन में पुलिसकर्मियों ने लिया बढ़-चढ़कर हिस्सा, ‘फिट पुलिस, बेहतर पुलिसिंग’ का दिया संदेश

डबवाली, 28 अगस्त। राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में पुलिस लाइन डबवाली में तीन दिवसीय खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें डबवाली पुलिस के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पूरे उत्साह, उमंग और खेल भावना के साथ बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पुलिस अधीक्षक डबवाली जसलीन कौर, आईपीएस के निर्देशानुसार तथा उप पुलिस अधीक्षक कालांवाली ललित कुमार के नेतृत्व में आयोजित इन खेल प्रतियोगिताओं का उद्देश्य पुलिसकर्मियों को शारीरिक रूप से फिट रखने के साथ-साथ उन्हें तनावमुक्त जीवनशैली के लिए प्रेरित करना रहा। प्रतियोगिताओं के दौरान रस्साकस्सी, वॉलीबॉल, क्रिकेट और बैडमिंटन सहित विभिन्न खेलों का आयोजन किया गया। अलग-अलग टीमों के बीच हुए मुकाबलों में पुलिसकर्मियों ने अपनी खेल प्रतिभा, शारीरिक दक्षता, अनुशासन और टीम भावना का शानदार प्रदर्शन किया। खेल मैदान में मुकाबलों के दौरान पुलिसकर्मियों का जोश और उत्साह देखते ही बना। इस अवसर पर उप पुलिस अधीक्षक कालांवाली ललित कुमार ने कहा कि पुलिस की ड्यूटी चुनौतीपूर्ण होने के साथ-साथ शारीरिक एवं मानसिक रूप से मेहनत वाली होती है, ऐसे में खेल पुलिसकर्मियों को फिट और तनावमुक्त रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि नियमित खेल गतिविधियों से पुलिसकर्मियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आपसी समन्वय और टीम भावना को मजबूत करने में मदद मिलती है। उन्होंने यह भी कहा कि स्वस्थ शरीर और सकारात्मक सोच पुलिसकर्मियों की कार्यक्षमता को बढ़ाने में सहायक होती है, इसलिए पुलिसकर्मियों को अपनी व्यस्त ड्यूटी के साथ-साथ खेल एवं अन्य शारीरिक गतिविधियों के लिए भी समय निकालना चाहिए। उन्होंने कहा कि खेलों में केवल जीत या हार महत्वपूर्ण नहीं होती, बल्कि खेल भावना के साथ भाग लेना और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ावा देना अधिक महत्वपूर्ण है। तीन दिवसीय आयोजन के दौरान पुलिस लाइन डबवाली का माहौल उत्साह, उमंग और आपसी भाईचारे से भरपूर रहा। पुलिस विभाग की ओर से इस आयोजन के माध्यम से “फिट पुलिस, बेहतर पुलिसिंग” की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया। डबवाली पुलिस का मानना है कि शारीरिक रूप से फिट और मानसिक रूप से स्वस्थ पुलिसकर्मी अपने कर्तव्यों का निर्वहन अधिक ऊर्जा, आत्मविश्वास और प्रभावी तरीके से कर सकते हैं। खेल गतिविधियां पुलिसकर्मियों के तनाव को कम करने और उनके बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने में भी सहायक होती हैं। इस अवसर पर उप पुलिस अधीक्षक के साथ प्रबंधक पुलिस लाइन डबवाली निरीक्षक जीवन सिंह, यातायात प्रभारी डबवाली निरीक्षक बिजेन्द्र सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों ने प्रतियोगिताओं में भाग लिया और पुलिसकर्मियों का हौसला बढ़ाया। पुलिस विभाग की ओर से भविष्य में भी पुलिस कर्मचारियों के स्वास्थ्य, फिटनेस और कार्यक्षमता को बेहतर बनाने के लिए इस तरह के खेल आयोजन जारी रखने की बात कही गई।


