Welcome to भगवा हिन्दुस्तान   Click to listen highlighted text! Welcome to भगवा हिन्दुस्तान
उज्जैन

भादौ की दूसरी सवारी में 6 घंटे दर्शन देंगे बाबा महाकाल

15 किलो तक की राजसी पोशाक पहनकर चलेगी विशेष टोली; पहली बार ड्रोन से होगी पुष्पवर्षा, 50 क्विंटल फूलों की तैयारी

उज्जैन। भादौ के दूसरे सोमवार को उज्जैन में बाबा महाकाल की राजसी सवारी निकाली जाएगी। करीब साढ़े पांच किलोमीटर लंबे सवारी मार्ग पर देशभर से श्रद्धालु पहुंचेंगे। यह सावन-भादौ की छठी और अंतिम सवारी होगी। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया पालकी का पूजन करेंगे।

महाकाल की सवारी में इस बार कई विशेष आकर्षण देखने को मिलेंगे। राजसी वेशभूषा में पांच कलाकारों की टोली बाबा की पालकी के आगे चलेगी। वहीं पहली बार विशेष ड्रोन से पुष्पवर्षा भी की जाएगी।

15 किलो तक की पोशाक पहनकर पैदल चलेंगे कलाकार

महाकाल की सवारी में शामिल होने वाली पांच कलाकारों की टोली अपने राजसी अंदाज के लिए अलग पहचान रखती है। इनमें स्वामी मुस्कुराके, स्वामी खिलखिलाके, स्वामी दिलमिलाके, स्वामी गुदगुदाके और पप्पू तलवार शामिल हैं।

इन कलाकारों को तैयार होने में करीब दो घंटे लगते हैं। खास पगड़ी, आभूषण और पारंपरिक हथियारों के साथ वे 11 से 15 किलो तक की राजसी पोशाक पहनकर पूरी सवारी में पैदल चलते हैं।

शिक्षक ने शुरू की परंपरा, 39 साल से निभा रहे किरदार

इस टोली के मुखिया शैलेंद्र व्यास उर्फ ‘स्वामी मुस्कुराके’ पिछले 39 साल से लगातार महाकाल की सवारी में शामिल हो रहे हैं।

उज्जैन निवासी शैलेंद्र व्यास ने 1989 में शिक्षक की नौकरी के दौरान इस परंपरा के बारे में जाना था। पुराने समय में राजा राजसी वेशभूषा में महाकाल की सवारी में शामिल होते थे। इसी से प्रभावित होकर उन्होंने पहली बार धोती-कुर्ता और साफा पहनकर सवारी में हिस्सा लिया।

अब उनके पास 150 से ज्यादा ड्रेस, 200 पगड़ियां और 100 से अधिक माला-अंगूठियों का संग्रह है। उनके कलेक्शन की कीमत 10 लाख रुपए से ज्यादा बताई गई है।

रिटायर्ड बैंक अधिकारी भी 30 साल से टोली में

पंजाब नेशनल बैंक से रिटायर्ड दिनेश रावल उर्फ स्वामी दिलमिलाके करीब 30 साल से इस टोली का हिस्सा हैं। उनके पास 65 से ज्यादा राजसी ड्रेस हैं, जिनकी कीमत करीब 7 लाख रुपए बताई गई है।

रावल के अनुसार, सवारी में शामिल होने के लिए भारी पोशाक और आभूषण पहनकर कई किलोमीटर पैदल चलना पड़ता है। उनका कहना है कि बाबा महाकाल की आस्था के कारण थकान महसूस नहीं होती।

कपड़ा व्यापारी 38 साल से निभा रहे राजसी किरदार

मनोहर गुप्ता उर्फ स्वामी खिलखिलाके भी पिछले 38 साल से टोली में शामिल हैं। उनके पास करीब 25 राजसी ड्रेस हैं, जिनकी कीमत 3 लाख रुपए से ज्यादा बताई गई है।

वे अलग-अलग शहरों में जाने के दौरान पसंद आने वाली राजसी वेशभूषा या उससे जुड़ी खास चीजें खरीदकर अपने संग्रह में शामिल करते हैं।

6 अलग-अलग स्वरूपों में दर्शन देंगे बाबा महाकाल

भादौ के दूसरे सोमवार को शाम 4 बजे महाकाल मंदिर में पूजन के बाद सवारी निकलेगी। सवारी में सबसे आगे मंदिर का प्रचार वाहन रहेगा। इसके बाद भजन मंडली, यातायात पुलिस, तोपची, भगवान महाकाल का रजत ध्वज, घुड़सवार और विशेष सशस्त्र बल की सलामी गार्ड शामिल होगी।

इसके बाद स्काउट-गाइड, कांग्रेस सेवा दल और सेवा समिति बैंड रहेंगे। उज्जैन और प्रदेश के अन्य शहरों की करीब 70 भजन मंडलियां भी सवारी में शामिल होंगी। इनके पीछे भगवान महाकाल की प्रमुख पालकी और छह स्वरूप रहेंगे।

पहली बार ड्रोन से पुष्पवर्षा

इस बार राजसी सवारी में विशेष ड्रोन से पुष्पवर्षा की जाएगी। इसके लिए अलग-अलग किस्मों के करीब 50 क्विंटल फूल मंगाए जा रहे हैं।

शहनाई गेट पर गार्ड ऑफ ऑनर के दौरान पहली बार ड्रोन से पुष्पवर्षा होगी। इसके बाद शिप्रा तट और गोपाल मंदिर पर भी फूल बरसाए जाएंगे।

आकाशवाणी पर 8 घंटे लाइव प्रसारण

आकाशवाणी उज्जैन की ओर से दोपहर 2 बजे से रात 10 बजे तक महाकाल की राजसी सवारी का लगातार 8 घंटे सीधा प्रसारण किया जाएगा।

प्रसारण में सवारी के मार्ग, प्रमुख पड़ाव, धार्मिक अनुष्ठान, परंपराओं और श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े कार्यक्रमों का आंखों-देखा हाल सुनाया जाएगा। इस विशेष प्रसारण को वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स और लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज कराने के लिए नामांकित किए जाने की जानकारी दी गई है।

16 मार्गों पर वाहनों की एंट्री रहेगी बंद

सवारी को देखते हुए उज्जैन में 16 प्रमुख मार्गों पर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। प्रशासन ने बाहर से आने वाले वाहनों के लिए सात पार्किंग स्थल भी निर्धारित किए हैं।

भोपाल, इंदौर और देवास की ओर से आने वाले वाहन वाकड़कर पार्किंग, मन्नत गार्डन और कर्कराज पार्किंग में खड़े किए जाएंगे। बड़नगर और नागदा की ओर से आने वाले वाहनों के लिए कार्तिक मेला ग्राउंड और मक्सी-आगर की ओर से आने वाले वाहनों के लिए क्षीरसागर स्टेडियम व सामाजिक न्याय परिसर में पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

Keywords

Mahakal Sawari, Ujjain Mahakal, Mahakal Rajsi Sawari, Ujjain News, Mahakal Sawari 2026, Bhadau Somwar, Mahakal Temple, Ujjain Mahakal Sawari, Drone Pushp Varsha, Ujjain News Today

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!