भारत-वेस्टइंडीज टी-20 मैच के टिकट 1,600 से 18,000 रुपये तक, 6 अक्टूबर से बिक्री शुरू होने की संभावना
रांची में 9 अक्टूबर को होगा मुकाबला, पिछली बार की तुलना में टिकटों के दाम में 400 से 6,000 रुपये तक की बढ़ोतरी

रांची। रांची के जेएससीए स्टेडियम में 9 अक्टूबर को भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाले दूसरे टी-20 मुकाबले के लिए झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (जेएससीए) ने टिकटों की दरें जारी कर दी हैं। मैच के लिए सबसे सस्ता टिकट 1,600 रुपये और सबसे महंगा टिकट 18,000 रुपये का रखा गया है। सूत्रों के अनुसार, टिकटों की बिक्री 6 अक्टूबर से शुरू होने की संभावना है।
टिकटों की बिक्री ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से होगी। ऑफलाइन टिकटों के लिए 6 से 8 अक्टूबर तक काउंटर बनाए जाएंगे। जेएससीए प्रबंधन अगले दो-तीन दिनों में टिकट बिक्री की आधिकारिक तारीख घोषित कर सकता है। स्टेडियम के अलग-अलग विंग और श्रेणियों के अनुसार टिकटों की कीमत निर्धारित की गई है।
विंग के अनुसार टिकटों की कीमत
जेएससीए की ओर से जारी दरों के अनुसार, विंग ए के लोअर टियर का टिकट 3,000 रुपये और अपर टियर का 2,000 रुपये का होगा। विंग बी के लोअर टियर के लिए 3,500 रुपये और अपर टियर के लिए 2,500 रुपये निर्धारित किए गए हैं। वहीं, विंग सी के लोअर टियर का टिकट 3,000 रुपये और अपर टियर का 2,000 रुपये का होगा।
विंग डी के लोअर टियर का टिकट 3,000 रुपये और स्पाइस बॉक्स का टिकट 2,500 रुपये रखा गया है। ईस्ट और वेस्ट हिल एरिया के टिकट 1,600 रुपये में मिलेंगे। अमिताभ चौधरी पवेलियन के प्रीमियम टेरेस का टिकट 4,500 रुपये का होगा।
प्रीमियम श्रेणी में प्रेसिडेंट्स एन्क्लोजर का टिकट 18,000 रुपये, हॉस्पिटैलिटी बॉक्स का 9,000 रुपये और कॉरपोरेट लाउंज का टिकट 15,000 रुपये निर्धारित किया गया है।
पिछली बार की तुलना में टिकटों के दाम बढ़े
पिछले मैच की तुलना में इस बार टिकटों की सभी प्रमुख श्रेणियों में बढ़ोतरी की गई है। सामान्य दर्शक श्रेणी में विंग ए और विंग सी के लोअर टियर का टिकट 1,600 रुपये से बढ़कर 3,000 रुपये हो गया है। विंग बी के लोअर टियर का टिकट 2,200 से बढ़कर 3,500 रुपये और विंग डी के लोअर टियर का टिकट 2,000 से बढ़कर 3,000 रुपये हो गया है।
डोनर्स एन्क्लोजर की दर में भी बढ़ोतरी हुई है। इसका टिकट 1,600 से बढ़कर 4,000 रुपये हो गया है। वहीं, विंग ए और सी के अपर टियर का टिकट 1,300 से बढ़कर 2,000 रुपये तथा विंग बी के अपर टियर का टिकट 1,700 से बढ़कर 2,500 रुपये हो गया है। विंग डी अपर टियर और स्पाइस बॉक्स की दर 1,900 से बढ़ाकर 2,500 रुपये कर दी गई है। हिल एरिया का टिकट भी 1,200 से बढ़कर 1,600 रुपये हो गया है।
प्रीमियम और हॉस्पिटैलिटी श्रेणियों में भी कीमतें बढ़ाई गई हैं। अमिताभ चौधरी पवेलियन के प्रीमियम टेरेस का टिकट 2,400 से बढ़कर 4,500 रुपये हो गया है। प्रेसिडेंट्स एन्क्लोजर का टिकट 12,000 से बढ़कर 18,000 रुपये हो गया है। इस श्रेणी में 6,000 रुपये की बढ़ोतरी हुई है।
कॉरपोरेट लाउंज का टिकट 10,000 से बढ़ाकर 15,000 रुपये, हॉस्पिटैलिटी बॉक्स का 7,000 से बढ़ाकर 9,000 रुपये और कॉरपोरेट बॉक्स का टिकट 6,000 से बढ़ाकर 8,000 रुपये कर दिया गया है। एमएस धौनी पवेलियन और लग्जरी पार्लर की दर भी 7,500 से बढ़कर 10,000 रुपये हो गई है।
लाइफ मेंबर्स को मिलेंगे अधिकतम पांच टिकट
जेएससीए प्रबंधन की ओर से जारी सूचना के अनुसार, लाइफ मेंबर्स को अधिकतम पांच टिकट दिए जाएंगे। संबद्ध जिलों को अधिकतम 100 टिकट और संबद्ध स्कूलों, क्लबों तथा संस्थानों को 25 टिकट उपलब्ध कराए जाएंगे।
जमशेदपुर में 5 अक्टूबर को कीनन स्टेडियम स्थित जेएससीए कार्यालय के कॉन्फ्रेंस रूम में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक टिकट मिलेंगे। वहीं, रांची में 6 अक्टूबर को एमएस धौनी पवेलियन के साउथ गेट पर सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक टिकट उपलब्ध रहेंगे।
टिकट लेने के लिए जेएससीए का फोटो पहचान पत्र या कोई अन्य वैध पहचान पत्र दिखाना अनिवार्य होगा। संबद्ध इकाइयों को टिकटों की मांग 2 अक्टूबर की शाम 6 बजे तक जेएससीए को भेजनी होगी।
बिना टिकट स्टेडियम के आसपास जुटने की अनुमति नहीं
भारत-वेस्टइंडीज मुकाबले के दौरान संभावित भारी भीड़ को देखते हुए जेएससीए स्टेडियम में सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन की विशेष व्यवस्था की जाएगी। कानून-व्यवस्था, यातायात और सुरक्षा को लेकर प्रशासन की ओर से तैयारियां की जा रही हैं।
मैच के दिन बिना टिकट वाले दर्शकों को स्टेडियम के आसपास जुटने की अनुमति नहीं होगी। इस संबंध में जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में मैच के दौरान सुरक्षा, विधि-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण की तैयारियों की समीक्षा की गई।




