Welcome to भगवा हिन्दुस्तान   Click to listen highlighted text! Welcome to भगवा हिन्दुस्तान
उज्जैन

एमपी में आज दीपोत्सव: उज्जैन में जलेंगे 35 लाख दीपक, शिप्रा तट होगा जगमग

रामघाट समेत प्रमुख घाटों और महाकाल लोक में 25 लाख दीप, जिले में 10 लाख अतिरिक्त दीप; 3 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर आज मध्यप्रदेश में दीपोत्सव मनाया जाएगा। उज्जैन में इस आयोजन का मुख्य केंद्र शिप्रा नदी के घाट रहेंगे। रामघाट, दत्त अखाड़ा घाट समेत प्रमुख घाटों और महाकाल लोक में 25 लाख दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। इसके अलावा जिले में हितग्राहियों के घरों और विभिन्न सरकारी इकाइयों पर 10 लाख दीप जलाए जाएंगे। इस तरह उज्जैन जिले में कुल 35 लाख दीप प्रज्वलित करने की तैयारी है।

शाम 7 बजे रामघाट से शुरुआत

दीपोत्सव की शुरुआत शाम 7 बजे रामघाट पर ‘आशीर्वाद का दीप’ प्रज्वलित करने के साथ होगी। इसके बाद मां शिप्रा की आरती की जाएगी।

कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के शामिल होने की जानकारी दी गई है।

दीपोत्सव के दौरान देश के अलग-अलग हिस्सों से आए 500 से ज्यादा कलाकार सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। इनमें गायन, वादन, नृत्य और युवाओं के लिए भजन जैमिंग शामिल रहेगा।

अभिनेता और कवि शैलेश लोढ़ा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल पर आधारित नरेशन प्रस्तुत करेंगे। कार्यक्रम का समापन आतिशबाजी से होगा।

26 हजार वॉलंटियर्स संभालेंगे दीप प्रज्वलन

दीपोत्सव के लिए करीब 26 हजार वॉलंटियर्स को जिम्मेदारी दी गई है। इन्हें पहले से ब्लॉक और दीपों की संख्या के आधार पर तैनात किया गया है।

केदारेश्वर घाट, सुनहरी घाट, दत्त अखाड़ा, भूखी माता, महाकाल लोक और रामघाट के दो सेक्टर सहित शिप्रा तट के अलग-अलग हिस्सों में एक साथ दीप प्रज्वलित किए जाएंगे।

3 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात

वीआईपी कार्यक्रम और दीपोत्सव को देखते हुए उज्जैन में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। 3 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इनमें करीब 2 हजार अतिरिक्त जवान पुलिस मुख्यालय से बुलाए गए हैं।

ट्रैफिक व्यवस्था संभालने के लिए करीब 450 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।

25 हजार लोगों के पहुंचने का अनुमान

शिप्रा घाटों पर दीपोत्सव देखने के लिए करीब 25 हजार लोगों के पहुंचने की संभावना है। पुलिस ने घाटवार पास, पार्किंग और ड्रॉप पॉइंट निर्धारित किए हैं।

बाहर से आने वाले वाहनों को निर्धारित बायपास मार्गों से पार्किंग स्थलों तक भेजा जाएगा। दोपहर 12 बजे से कुछ मार्गों पर सामान्य यातायात बंद रखने की व्यवस्था की गई है।

वाहन चालकों से निर्धारित पास लगाने और केवल तय पार्किंग स्थलों का उपयोग करने की अपील की गई है।

नितिन नवीन का कार्यक्रम

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के कार्यक्रम के अनुसार वे शाम 5:05 बजे उज्जैन पहुंचेंगे। शाम 6:45 बजे रामघाट पर शिप्रा आरती में शामिल होकर ‘आशीर्वाद का दीप’ प्रज्वलित करेंगे। रात 8 बजे भजन संध्या में शामिल होंगे।

18 सितंबर की सुबह वे महाकाल मंदिर में भस्म आरती में शामिल होंगे। इसके बाद उज्जैन से इंदौर और इंदौर एयरपोर्ट से पंजाब के लिए रवाना होने का कार्यक्रम है।

मोहन भागवत भी उज्जैन पहुंचेंगे

आरएसएस प्रमुख डॉ. मोहन भागवत के भी उज्जैन पहुंचने का कार्यक्रम है। वे मालीपुरा स्थित अराधना भवन जाएंगे। शाम करीब 6 बजे कोयला फाटक स्थित मनोरमा महाकाल गार्डन में संघ के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की बैठक में शामिल होने की जानकारी है।

शहर में चेकिंग और ट्रैफिक व्यवस्था कड़ी

वीआईपी दौरे और दीपोत्सव को देखते हुए शहर के प्रमुख मार्गों पर चेकिंग पॉइंट बनाए गए हैं। पुलिस ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए अतिरिक्त इंतजाम किए हैं, ताकि आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं और आम लोगों को आवागमन में कम से कम परेशानी हो।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!