punjab

हिमाचल में अभी नहीं होगी मानसून की विदाई: 24 से 27 सितंबर तक बारिश के आसार, अगले 40 घंटे मौसम रहेगा साफ

24-25 सितंबर को बिलासपुर, सोलन और सिरमौर में बारिश के आसार; 26-27 को अधिकांश हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना

शिमला। हिमाचल प्रदेश से मानसून की विदाई में अभी और समय लग सकता है। पड़ोसी राज्यों पंजाब और हरियाणा के कुछ हिस्सों से मानसून लौटना शुरू हो गया है, लेकिन हिमाचल में फिलहाल इसके वापसी के संकेत नहीं मिले हैं। मौसम विज्ञानी संदीप शर्मा के अनुसार, विदाई से पहले मानसून एक बार फिर सक्रिय हो सकता है।

24-25 सितंबर को तीन जिलों में बारिश का अनुमान

मौसम विभाग के अनुसार 24 और 25 सितंबर को बिलासपुर, सोलन और सिरमौर के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है। इसके बाद 26 और 27 सितंबर को प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में हल्की बारिश के आसार हैं। ऐसे में मानसून की सामान्य विदाई तिथि 25 सितंबर होने के बावजूद इस बार इसमें देरी संभव है।

अगले 40 घंटे मौसम रहेगा शुष्क

मंगलवार और बुधवार को प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है। लगातार धूप निकलने से अधिकतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। राज्य के कई हिस्सों में तापमान पहले ही सामान्य से ऊपर चल रहा है।

औसत अधिकतम तापमान 2.1 डिग्री ज्यादा

हिमाचल में औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 2.1 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया जा रहा है। कल्पा में 24.6 डिग्री तापमान सामान्य से 3.3 डिग्री ज्यादा, केलांग में 21.2 डिग्री 3.2 डिग्री ज्यादा और धर्मशाला में 30 डिग्री तापमान सामान्य से 3 डिग्री अधिक है। 24 सितंबर के बाद तापमान में गिरावट आने की संभावना जताई गई है।

मानसून की विदाई के लिए कई मानक

आईएमडी के अनुसार मानसून की वापसी का आकलन केवल बारिश रुकने के आधार पर नहीं किया जाता। इसके लिए लगातार शुष्क मौसम, निचले वायुमंडल में एंटीसाइक्लोनिक परिसंचरण और वातावरण में नमी कम होने जैसे संकेतों को भी देखा जाता है।

इस मानसून सीजन में हिमाचल में सामान्य से करीब 11 फीसदी कम बारिश हुई है। अगले एक सप्ताह में भी सामान्य से कम बारिश होने का अनुमान है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!