Welcome to भगवा हिन्दुस्तान   Click to listen highlighted text! Welcome to भगवा हिन्दुस्तान
hisar

हिसार एसपी की बस ड्राइवरों को हिदायत: बरवाला में बस स्टैंड के बाहर बस रोकने पर होगी कार्रवाई, सड़क पर नहीं उतार-चढ़ा सकेंगे सवारी

सरकारी और निजी बसों को निर्धारित बस स्टैंड के अंदर ही सवारी बैठाने-उतारने के निर्देश; सड़क पर बस खड़ी करने से जाम और हादसे का खतरा

बरवाला बस स्टैंड के बाहर मुख्य सड़क पर बसें खड़ी कर सवारियां बैठाने या उतारने वाले बस ड्राइवरों के खिलाफ अब पुलिस कार्रवाई करेगी। सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए हिसार के पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने बरवाला रूट पर चलने वाली सभी सरकारी और निजी बसों के ड्राइवरों व कंडक्टरों को निर्धारित बस स्टैंड के अंदर जाकर ही सवारियां बैठाने और उतारने की हिदायत दी है।

पुलिस के संज्ञान में आया है कि कुछ बस चालक बस स्टैंड के अंदर जाने के बजाय मुख्य सड़क पर ही बस रोककर यात्रियों को बैठाते हैं। सवारियों के इंतजार में बसें सड़क पर लंबे समय तक खड़ी रहने से यातायात बाधित होता है और जाम व भीड़ की स्थिति बनती है। इससे दूसरे वाहन चालकों को परेशानी के साथ दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।

निर्धारित स्थान पर ही बस रोकने के निर्देश

एसपी सिद्धांत जैन ने कहा कि बरवाला रूट पर संचालित सभी सरकारी और निजी बसें निर्धारित बस स्टैंड के अंदर जाकर ही यात्रियों को बैठाएं और उतारें।

उन्होंने स्पष्ट किया कि मुख्य सड़क पर बस खड़ी कर सवारियों का इंतजार करने या यातायात बाधित करने की स्थिति को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सड़क पर अनावश्यक रूप से बस रोककर यातायात व्यवस्था प्रभावित करने वाले ड्राइवरों के खिलाफ यातायात नियमों के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

एसपी ने कहा कि यात्रियों को बैठाने या उतारने के लिए मुख्य सड़क पर बस रोकना आवश्यक नहीं है। बस चालक निर्धारित बस स्टैंड में ही बस खड़ी करें, जिससे सड़क पर अन्य वाहनों की आवाजाही प्रभावित न हो और यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।

बस चालकों को दिए स्पष्ट निर्देश

पुलिस ने बस ड्राइवरों और संचालकों को निर्देश दिए हैं कि—

  • बस निर्धारित बस स्टैंड के अंदर ही खड़ी करें।
  • मुख्य सड़क पर बस रोककर सवारियां एकत्रित न करें।
  • यात्रियों के इंतजार में सड़क पर अनावश्यक समय तक बस खड़ी न रखें।
  • बस स्टैंड से संबंधित निर्धारित प्रक्रिया और आवश्यक औपचारिकताओं का पालन करें।
  • यातायात नियमों का पालन करते हुए यात्रियों और अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करें।

पुलिस के अनुसार, यदि कोई बस चालक यातायात बाधित करता हुआ पाया जाता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने बस संचालकों से सहयोग करने और यातायात व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!