jaipur

जयपुर में बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने दिलाई स्वच्छता की शपथ: सीएम के साथ अल्बर्ट हॉल पर किया पौधारोपण, सफाई कर्मचारियों का सम्मान

जयपुर के अल्बर्ट हॉल से स्वच्छता अभियान की शुरुआत, सीएम भजनलाल शर्मा के साथ पौधारोपण; सफाई कर्मचारियों को सम्मानित कर दिलाई स्वच्छता की शपथ

जयपुर। जयपुर में शुक्रवार सुबह भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने अल्बर्ट हॉल से स्वच्छता अभियान की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के साथ पौधारोपण किया और लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर चल रहे भाजपा के ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में नितिन नबीन ने लोगों से अपने आसपास साफ-सफाई रखने और स्वच्छता के लिए श्रमदान करने का संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल अभियान नहीं, बल्कि नागरिकों की जिम्मेदारी भी है।

सफाई कर्मचारियों से मिले, महिला कर्मियों को किया सम्मानित

नितिन नबीन और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सफाई कर्मचारियों से मुलाकात कर उनसे बातचीत की। इस दौरान कई महिला सफाई कर्मचारियों को सम्मानित भी किया गया। नेताओं ने कर्मचारियों से हाथ मिलाकर उनके कार्य के प्रति सम्मान व्यक्त किया।

नितिन नबीन ने सफाई कर्मचारियों के काम और उनकी जिम्मेदारियों को लेकर भी उनसे बातचीत की।

महात्मा गांधी के स्वच्छता संदेश का किया उल्लेख

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने स्वच्छता अभियान के दौरान महात्मा गांधी के स्वच्छता संबंधी विचारों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने देश को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का भी काम किया था।

डिप्टी सीएम बोलीं- स्वच्छता हर नागरिक की जिम्मेदारी

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने कहा कि स्वच्छता का काम केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक को इसमें योगदान देना चाहिए। उन्होंने लोगों से अपने आसपास के वातावरण को साफ रखने और स्वच्छता के लिए यथासंभव योगदान देने की अपील की।

कार्यक्रम में डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौर सहित भाजपा के विधायक और मंत्री भी मौजूद रहे।

नितिन नबीन गुरुवार रात जयपुर पहुंचे थे। शुक्रवार को वे दादिया में आयोजित जनसभा को भी संबोधित करने वाले हैं।

हमारे मठ
RNI NO. HARHIN/2023/90591

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!