मध्य प्रदेश

मध्यप्रदेश में 103 पंचायत पदों पर मतदान, सुसनेर में EVM के सीरियल नंबर पर विवाद

प्रदेश में 4 पंच, 79 सरपंच और 5 जिला पंचायत सदस्य पदों के लिए वोटिंग; सुसनेर के वार्ड-7 में करीब 15 मिनट रुका मतदान, विधायक ने जताई आपत्ति

भोपाल। मध्यप्रदेश में पंचायत उपचुनाव के तहत मंगलवार, 29 सितंबर को विभिन्न पदों के लिए मतदान कराया जा रहा है। प्रदेश में पंच, सरपंच, जनपद पंचायत और जिला पंचायत सदस्य के कुल 4,235 पदों पर उपचुनाव की प्रक्रिया शुरू हुई थी। इनमें से 604 पदों पर उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए, जबकि बड़ी संख्या में पदों पर नामांकन दाखिल नहीं हुए। कुछ पदों पर न्यायालय की रोक के कारण मतदान नहीं हो रहा है। अब 4 पंच, 79 सरपंच और 5 जिला पंचायत सदस्य पदों के लिए मतदान कराया जा रहा है।

आगर-मालवा जिले की सुसनेर नगर परिषद अध्यक्ष के लिए भी मतदान हो रहा है। यहां भाजपा ने प्रदीप सोनी और कांग्रेस ने विष्णु पाटीदार को प्रत्याशी बनाया है।

सुसनेर में EVM के सीरियल नंबर पर विवाद, 15 मिनट रुका मतदान

आगर-मालवा जिले के सुसनेर नगर परिषद अध्यक्ष पद के उपचुनाव के दौरान वार्ड-7 के मतदान केंद्र पर EVM के सीरियल नंबर को लेकर विवाद हो गया। स्थानीय विधायक भैरों सिंह परिहार ने ईवीएम के फर्जी होने का आरोप लगाया और मशीन से संबंधित जानकारी लिखित में नहीं देने पर आपत्ति जताई।

विधायक के पास मौजूद पुरानी सूची और मतदान केंद्र पर रखी ईवीएम के सीरियल नंबर में अंतर मिलने के बाद दोनों दलों के समर्थक बड़ी संख्या में मतदान केंद्र पर पहुंच गए। इसके चलते करीब 15 मिनट तक मतदान रुका रहा।

बताया गया कि रैंडमाइजेशन के बाद ईवीएम बदले जाने के कारण यह स्थिति बनी थी। बाद में दोनों प्रत्याशी मौके पर पहुंचे और स्थिति स्पष्ट होने के बाद मतदान दोबारा शुरू कर दिया गया।

103 पंचायत पदों पर हो रहा मतदान

प्रदेश में पंचायत उपचुनाव के तहत पंच, सरपंच और जिला पंचायत सदस्य के कुल 88 पदों पर मतदान हो रहा है। वहीं, जनपद पंचायत सदस्य के 15 पदों पर भी मतदान कराया जा रहा है। अलग-अलग जिलों में मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं।

पंच के 4,091 पदों में से 604 पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ, जबकि 3,480 पदों पर किसी ने नामांकन दाखिल नहीं किया। सरपंच के 110 पदों में से 21 पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ और 4 पदों पर न्यायालय की रोक है। शेष 79 पदों पर मतदान हो रहा है। जनपद पंचायत सदस्य के 28 पदों में से 12 पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ है और 15 पदों पर मतदान हो रहा है।

कई जिलों में सुबह से मतदान जारी

प्रदेश के अलग-अलग जिलों में पंचायत उपचुनाव के लिए मतदान केंद्रों पर मतदाता पहुंच रहे हैं। आलीराजपुर के सोंडवा विकासखंड में सुबह 11 बजे तक 35.77 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। झाबुआ जिला पंचायत वार्ड-6 में 31.89 प्रतिशत और थांदला जनपद की ग्राम पंचायत पलासड़ोर में सरपंच पद के लिए 63.98 प्रतिशत मतदान हुआ।

मऊगंज जिले में सुबह 11 बजे तक कुल 36.98 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। वहीं, नलखेड़ा जनपद पंचायत के दो वार्डों में सुबह 11 बजे तक 39.76 प्रतिशत मतदान हुआ। खातेगांव की ग्राम पंचायत साकट्या में सुबह 11 बजे तक करीब 60 प्रतिशत मतदाता मतदान कर चुके थे।

खरगोन जिला पंचायत वार्ड-19 के उपचुनाव में पूर्व कृषि मंत्री और कांग्रेस विधायक सचिन यादव ने बोरावा मतदान केंद्र पर वोट डाला। इस सीट पर कांग्रेस समर्थित भारत यादव, भाजपा समर्थित योगेश यादव और निर्दलीय राजाराम खांडे चुनाव मैदान में हैं।

सुसनेर नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए भी मतदान

आगर-मालवा जिले की सुसनेर नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए भी मतदान कराया जा रहा है। यहां 15 वार्डों के 17 मतदान केंद्रों पर कुल 13,843 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। मतदान को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए 159 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। संवेदनशील केंद्रों पर अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है।

नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए भाजपा के प्रदीप सोनी और कांग्रेस के विष्णु पाटीदार के बीच मुकाबला है।

3 अक्टूबर से शुरू होगी मतगणना

पंचायत उपचुनाव में सरपंच और जनपद पंचायत सदस्य पदों की मतगणना 3 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से विकासखंड मुख्यालय पर होगी। इन पदों के परिणाम भी इसी दिन घोषित किए जाएंगे। जिला पंचायत सदस्य और पंच पदों के परिणाम 5 अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे।

वहीं, कुछ जिलों में अलग-अलग कार्यक्रम के तहत मतगणना की व्यवस्था की गई है। नर्मदापुरम जिले की सांवलखेड़ा, मिसरोद और फरीदपुर ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के लिए हुए मतदान की मतगणना 30 सितंबर को तहसील कार्यालय में होनी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!