पंजाब में 3 सीनियर IAS अफसरों के ट्रांसफर: अनुराग वर्मा को खेतीबाड़ी, जसप्रीत तलवार को राजस्व; अर्शदीप थिंद को ग्रामीण विकास का जिम्मा
पंजाब सरकार ने 17 सितंबर को प्रशासनिक फेरबदल करते हुए तीन वरिष्ठ IAS अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपीं। अनुराग वर्मा को कृषि, जसप्रीत तलवार को राजस्व और अर्शदीप सिंह थिंद को ग्रामीण विकास एवं पंचायती विभाग की जिम्मेदारी मिली।

पंजाब सरकार ने प्रशासनिक फेरबदल करते हुए तीन वरिष्ठ IAS अधिकारियों के ट्रांसफर और नई पोस्टिंग के आदेश जारी किए हैं। ये आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किए गए हैं।
अनुराग वर्मा को खेतीबाड़ी एवं किसान भलाई विभाग
1993 बैच के IAS अधिकारी अनुराग वर्मा को अतिरिक्त मुख्य सचिव, खेतीबाड़ी एवं किसान भलाई विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। उन्हें अतिरिक्त मुख्य सचिव के तौर पर परिवहन विभाग का भी अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। इससे पहले वे राजस्व, पुनर्वास एवं आपदा प्रबंधन विभाग में अतिरिक्त मुख्य सचिव-कम-वित्तीय कमिश्नर के पद पर थे।
जसप्रीत तलवार को राजस्व विभाग
1995 बैच की IAS अधिकारी जसप्रीत तलवार को अतिरिक्त मुख्य सचिव-कम-वित्तीय कमिश्नर, राजस्व, पुनर्वास एवं आपदा प्रबंधन विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। उनके पास खनन एवं न्याय विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी जारी रहेगा।
अर्शदीप सिंह थिंद को ग्रामीण विकास का प्रभार
2004 बैच के IAS अधिकारी अर्शदीप सिंह थिंद को प्रशासनिक सचिव, ग्रामीण विकास एवं पंचायती विभाग नियुक्त किया गया है। उन्हें योजना विभाग के प्रशासनिक सचिव का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है और वे बागवानी विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी संभालते रहेंगे।
सरकार के आदेश के मुताबिक तीनों अधिकारियों को अपनी नई जिम्मेदारियां तत्काल संभालने के निर्देश दिए गए हैं।




