राजस्थान के 13 जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट, बीकानेर-सीकर में गिरे ओले
श्रीगंगानगर में आंधी के साथ बूंदाबांदी, जयपुर में भी बदला मौसम; पश्चिमी विक्षोभ के असर से तापमान में गिरावट

जयपुर। राजस्थान में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। प्रदेश के 13 जिलों में सोमवार को तेज हवाओं और बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। कुछ स्थानों पर बारिश के साथ ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है। श्रीगंगानगर में सोमवार सुबह तेज आंधी के साथ बूंदाबांदी हुई। वहीं, रविवार को बीकानेर, चूरू, झुंझुनूं और सीकर के कई इलाकों में बारिश के साथ ओले गिरने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदल गया है। बीकानेर के महाजन फील्ड, रानीसर और लूणकरणसर के साथ सीकर के फतेहपुर शेखावाटी तथा श्रीगंगानगर के सूरतगढ़ में हल्की बारिश दर्ज की गई। बीकानेर और फतेहपुर शेखावाटी में तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई। चूरू के सुजानगढ़ और बीकानेर के श्रीडूंगरगढ़ में भी देर शाम बारिश के साथ ओले गिरे। सीकर के फतेहपुर में 23 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
जयपुर में रात को हुई बारिश, कई इलाकों में ठंडक
राजधानी जयपुर में रविवार को दिनभर मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहा। अधिकतम तापमान 34.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि, रात में मौसम में बदलाव हुआ और गलताजी सहित कई इलाकों में बारिश हुई। इससे रात के तापमान में गिरावट के साथ मौसम में हल्की ठंडक महसूस की गई। सोमवार को भी जयपुर में बादल छाए रहने की संभावना जताई गई है।
श्रीगंगानगर में आंधी, सीकर में तेज बारिश
श्रीगंगानगर में सोमवार सुबह तेज हवाओं के साथ आंधी चली और बूंदाबांदी हुई। वहीं, सीकर में रविवार शाम करीब 4:15 बजे तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हुई। लगभग आधे घंटे तक बारिश का दौर चला। इससे लोगों को गर्मी और उमस से कुछ राहत मिली। रविवार को सीकर का अधिकतम तापमान 36.5 और न्यूनतम तापमान 21.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
जैसलमेर में चार डिग्री गिरा तापमान
पश्चिमी राजस्थान में भी मौसम के बदलाव का असर दिखाई दिया। जैसलमेर में रविवार को अधिकतम तापमान में चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई और पारा 36.8 डिग्री पर पहुंच गया। वहीं, प्रदेश में रविवार को सबसे अधिक अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस फलोदी में दर्ज किया गया।
प्रमुख शहरों में ऐसा रहा मौसम
जयपुर में रविवार रात बारिश हुई, जबकि अजमेर में दिनभर धूप खिली रही। अजमेर का अधिकतम तापमान 32 और न्यूनतम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
कोटा में अधिकतम तापमान 33.7 और न्यूनतम तापमान 21.6 डिग्री सेल्सियस रहा। उदयपुर में अधिकतम तापमान 32 डिग्री दर्ज किया गया, जो एक दिन पहले के 34.2 डिग्री से कम था। अलवर में रविवार शाम को बादल छाने के बाद कुछ देर बारिश हुई। जोधपुर में अधिकतम तापमान 34.9 और न्यूनतम तापमान 26.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
प्रदेश के कई इलाकों में बारिश और ओलावृष्टि से तापमान में गिरावट आई है। मौसम विभाग के अलर्ट के मद्देनजर प्रभावित क्षेत्रों में तेज हवाओं और संभावित बारिश को लेकर सतर्क रहने की जरूरत है।




