रांची को आईटी और इनोवेशन हब बनाने की तैयारी, 100 एकड़ में विकसित होगी टेक सिटी
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उद्योगों के साथ मिलकर झारखंड में आधुनिक आईटी इकोसिस्टम तैयार करने की जताई प्रतिबद्धता, 2029 तक आईटी पार्क बनाने का प्रस्ताव

रांची। झारखंड की राजधानी रांची को आईटी और इनोवेशन हब के रूप में विकसित करने की योजना पर राज्य सरकार काम कर रही है। इसके तहत रांची में 100 एकड़ भूमि पर टेक सिटी विकसित करने और वर्ष 2029 तक आईटी पार्क स्थापित करने का प्रस्ताव है। इस परियोजना के माध्यम से करीब 75 हजार लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। पहले चरण में 20 हजार रोजगार के अवसर सृजित करने की योजना है।
इस संबंध में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और आरएमजेड इंफ्रास्ट्रक्चर के प्रेसिडेंट दीपक छाबड़िया के बीच मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में बैठक हुई। बैठक में आईटी पार्क, ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (जीसीसी) और राज्य में तकनीकी निवेश की संभावनाओं पर चर्चा की गई।
उद्योगों के सहयोग से विकसित होगा आईटी इकोसिस्टम
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड को नई औद्योगिक संभावनाओं से जोड़कर आधुनिक आईटी इकोसिस्टम तैयार करना सरकार की प्राथमिकता है। उद्योगों के सहयोग से रांची को आईटी, इनोवेशन और हाई-स्किल रोजगार के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।
उन्होंने राज्य में उपलब्ध मानव और प्राकृतिक संसाधनों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने पर जोर दिया, ताकि झारखंड को नई अर्थव्यवस्था की जरूरतों के अनुरूप तैयार किया जा सके।
एआई, सेमीकंडक्टर और न्यूक्लियर एनर्जी में निवेश पर चर्चा
बैठक में आईटी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के अलावा सेमीकंडक्टर, मैन्युफैक्चरिंग, न्यूक्लियर एनर्जी और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे उभरते क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श हुआ।
ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (जीसीसी) के माध्यम से वैश्विक कंपनियों के विभिन्न तकनीकी कार्य झारखंड से संचालित करने की संभावनाओं पर चर्चा की गई। इससे राज्य में निजी निवेश आकर्षित करने के साथ-साथ उच्च कौशल वाले रोजगार के अवसर सृजित करने की उम्मीद है।
बेंगलुरु के आईटी मॉडल का अध्ययन करेगी टीम
प्रस्तावित आईटी पार्क को धरातल पर उतारने से पहले राज्य सरकार बेंगलुरु के आईटी इकोसिस्टम का अध्ययन करेगी। इसके लिए अक्टूबर में सूचना प्रौद्योगिकी एवं ई-गवर्नेंस विभाग की टीम बेंगलुरु का दौरा कर सकती है।
टीम वहां आईटी पार्क, जीसीसी मॉडल, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर, निवेश व्यवस्था और कंपनियों को उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं का अध्ययन करेगी। इसके आधार पर झारखंड में आईटी पार्क के विकास की योजना को आगे बढ़ाने पर विचार किया जाएगा।
आईटी पार्क के लिए 100 एकड़ जमीन की तलाश
प्रस्तावित आईटी पार्क के लिए रांची में आईआईएम, नई विधानसभा परिसर और हाईकोर्ट परिसर के आसपास 100 एकड़ जमीन को संभावित स्थल के रूप में विकसित करने पर विचार किया गया है। यहां वैश्विक जरूरतों के अनुरूप डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और अन्य आधुनिक सुविधाएं विकसित करने की योजना है।
बैठक में मुख्य सचिव अविनाश कुमार, आईटी एवं ई-गवर्नेंस विभाग की सचिव पूजा सिंघल और झारखंड स्पेस एप्लीकेशंस सेंटर की निदेशक माधवी मिश्रा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।




