शाहरुख खान, गौरी और सुहाना के साथ लालबागचा राजा पहुंचे: गणपति के चरण स्पर्श करते दिखे; टी-सीरीज ऑफिस में भी की पूजा
गणेशोत्सव पर परिवार और मैनेजर पूजा ददलानी के साथ पहुंचे शाहरुख; लालबागचा राजा के बाद टी-सीरीज ऑफिस में भी की गणपति पूजा

मुंबई। गणेशोत्सव के मौके पर अभिनेता शाहरुख खान ने मुंबई के प्रसिद्ध लालबागचा राजा पंडाल पहुंचकर गणपति बप्पा के दर्शन किए। उनके साथ पत्नी गौरी खान, बेटी सुहाना खान और मैनेजर पूजा ददलानी भी मौजूद थीं।
दर्शन के दौरान शाहरुख खान को गणपति के चरण स्पर्श करते देखा गया। वहीं गर्मी के कारण वह पूजा ददलानी के दुपट्टे से पसीना पोंछते भी नजर आए। लालबागचा राजा के दर्शन के बाद शाहरुख टी-सीरीज के ऑफिस पहुंचे और वहां भी भगवान गणेश की पूजा की।
कड़ी सुरक्षा के बीच किए दर्शन
शाहरुख खान के लालबागचा राजा पंडाल पहुंचते ही उन्हें देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।
इस दौरान शाहरुख नीले रंग के कुर्ते में नजर आए। सुहाना खान ने हरे रंग का पारंपरिक परिधान पहना था, जबकि गौरी खान पीले रंग के एथनिक आउटफिट में दिखाई दीं।
टी-सीरीज ऑफिस में भी की गणपति पूजा
लालबागचा राजा के दर्शन के बाद शाहरुख खान टी-सीरीज के मुंबई स्थित ऑफिस पहुंचे। यहां उन्होंने मैनेजर पूजा ददलानी के साथ गणेश पूजा में हिस्सा लिया।
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में शाहरुख ब्लैक ट्राउजर और चेक शर्ट में नजर आए। उन्होंने गणपति की प्रतिमा के सामने प्रार्थना की और प्रसाद ग्रहण किया।
घर पर भी मनाते हैं गणेशोत्सव
हाल ही में ‘AskSRK’ सेशन के दौरान शाहरुख खान ने अपने घर में गणेशोत्सव मनाने से जुड़ी जानकारी साझा की थी। उन्होंने बताया था कि उनकी पत्नी गौरी खान आरती और पूजा करती हैं। रात में विसर्जन किया जाता है और इस दौरान बच्चे व दोस्त भी साथ जुटते हैं।
शाहरुख ने इसे परिवार और दोस्तों के साथ बिताया जाने वाला साधारण समय बताया था।
अंबानी परिवार के गणेशोत्सव में भी पहुंचे थे
इससे पहले शाहरुख खान मुंबई में अंबानी परिवार के घर एंटीलिया में आयोजित गणेशोत्सव में भी शामिल हुए थे। वहां उन्होंने रणवीर सिंह और नीता अंबानी के साथ गणपति की आरती में हिस्सा लिया था।
फिल्म ‘किंग’ में नजर आएंगे शाहरुख
वर्कफ्रंट की बात करें तो शाहरुख खान जल्द ही निर्देशक सिद्धार्थ आनंद की फिल्म ‘किंग’ में नजर आएंगे। फिल्म की रिलीज 24 दिसंबर को प्रस्तावित है। इसके आसपास हॉलीवुड की ‘अवेंजर्स: डूम्सडे’ और ‘ड्यून: पार्ट थ्री’ जैसी फिल्में भी रिलीज होने वाली हैं।




