‘श्री श्याम अखाड़ा 2.0’ का आयोजन: भजनों पर देर रात तक झूमे श्रद्धालु, अर्जी बॉक्स में रखी मनोकामनाएं खाटू धाम पहुंचाने की व्यवस्था
बीकानेर के रानी बाजार में ‘श्याम अखाड़ा 2.0’ में बाबा श्याम का भव्य दरबार सजा; छप्पन भोग और भजन संकीर्तन में देर रात तक झूमे श्रद्धालु, अर्जी बॉक्स की मनोकामनाएं खाटू धाम पहुंचाने की व्यवस्था

बीकानेर। रानी बाजार औद्योगिक क्षेत्र स्थित रिद्धि-सिद्धि पैलेस में करणी नगर के श्री श्याम मित्र मंडल की ओर से ‘श्याम अखाड़ा 2.0’ का आयोजन किया गया। खाटू धाम के महंत मोहनदास महाराज के सान्निध्य में हुए कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्याम प्रेमी शामिल हुए।
आयोजन स्थल पर बाबा श्याम का भव्य दरबार सजाया गया और फूलों से विशेष श्रृंगार किया गया। श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन किए और छप्पन भोग अर्पित किया। इत्र और पुष्प वर्षा के बीच भजन-कीर्तन का आयोजन हुआ, जिसमें देर रात तक श्रद्धालु भजनों पर झूमते नजर आए।
कोलकाता के भजन गायकों ने दी प्रस्तुति
कार्यक्रम में कोलकाता से आए भजन गायक अमोल पाराशर और शुभम पाराशर ने बाबा श्याम के भजनों की प्रस्तुतियां दीं। भजनों के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की और पूरा परिसर जयकारों से गूंजता रहा।
अर्जी बॉक्स में रखी मनोकामनाएं
आयोजन की खास व्यवस्था के तहत श्रद्धालुओं के लिए अर्जी बॉक्स रखा गया। इसमें भक्तों ने अपनी मनोकामनाएं लिखकर अर्जी जमा कीं। आयोजकों के अनुसार इन अर्जियों को खाटू धाम के निज मंदिर तक पहुंचाने की व्यवस्था की गई है।
कार्यक्रम में श्री श्याम मित्र मंडल, करणी नगर के अध्यक्ष नरेंद्र खत्री सहित मंडल के सदस्यों और सेवादारों ने व्यवस्थाओं में सहयोग किया। आयोजन में बीकानेर के अलावा आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्याम प्रेमी पहुंचे।




