Welcome to भगवा हिन्दुस्तान   Click to listen highlighted text! Welcome to भगवा हिन्दुस्तान
Uncategorized

70 करोड़ की हेरोइन तस्करी में बड़ा खुलासा

राहुल-प्रशांत फिर रिमांड पर, खेताराम से आमने-सामने पूछताछ करेगी पुलिस

बीकानेर में 70 करोड़ रुपए की हेरोइन तस्करी मामले में पुलिस जांच अब अहम मोड़ पर पहुंच गई है। बॉर्डर पार से ड्रोन के जरिए आई 14 किलो हेरोइन बरामदगी मामले में गिरफ्तार केटरिंग बॉयज राहुल रावत और प्रशांत कन्याल को कोर्ट में पेश कर 11 मई तक दोबारा रिमांड पर लिया गया है। अब पुलिस दोनों आरोपियों को घायल तस्कर खेताराम मेघवाल के सामने बैठाकर आमने-सामने पूछताछ करेगी।

जांच अधिकारी एवं खाजूवाला थाना प्रभारी सुरेन्द्र प्रजापत के अनुसार, तीनों आरोपियों को आमने-सामने बैठाकर अब तक मिली जानकारियों की तस्दीक की जाएगी, ताकि तस्करी नेटवर्क की पूरी कड़ी सामने लाई जा सके। फिलहाल खेताराम मेघवाल का पीबीएम अस्पताल में इलाज चल रहा है। चिकित्सकों की अनुमति मिलते ही उसे हिरासत में लेकर राहुल और प्रशांत के सामने बैठाया जाएगा।

पुलिस जांच में सामने आया है कि इस पूरे नेटवर्क का मुख्य सरगना पाली निवासी राकेश प्रजापत है, जो फिलहाल फरार चल रहा है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है और संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है।

नीलगाय से टकराई स्कूटी, खुल गया तस्करी का राज

यह पूरा मामला 21 अप्रैल को सामने आया, जब पाली निवासी खेताराम मेघवाल स्कूटी पर 14 किलो हेरोइन लेकर पूगल-खाजूवाला रोड से गुजर रहा था। इसी दौरान उसकी स्कूटी अचानक नीलगाय से टकरा गई। हादसे में घायल खेताराम को पीबीएम अस्पताल पहुंचाया गया।

हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने स्कूटी की डिग्गी और खेताराम के पीठू बैग की तलाशी ली। तलाशी के दौरान दो पैकेट बैग से और एक पैकेट स्कूटी की डिग्गी से बरामद हुआ। जांच में इन पैकेटों में कुल 14 किलो हेरोइन मिली, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 70 करोड़ रुपए आंकी गई।

ड्रोन से आई थी खेप, सरगना अब भी फरार

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि पाकिस्तानी तस्करों ने खाजूवाला बॉर्डर के रास्ते ड्रोन के जरिए हेरोइन की खेप भारतीय सीमा में गिराई थी। इसके बाद खेताराम मेघवाल इसे स्कूटी के जरिए आगे सप्लाई करने जा रहा था। इसी दौरान हादसा हो गया और पूरा नेटवर्क पुलिस के सामने खुल गया।

अब पुलिस को उम्मीद है कि राहुल, प्रशांत और खेताराम की आमने-सामने पूछताछ से ड्रोन नेटवर्क, सप्लाई चैन और फरार सरगना राकेश प्रजापत तक पहुंचने में बड़ी सफलता मिल सकती है।

#HamareMath #GiriReporter #MandiDabwali #BhagwaHindustan #BhagwaHindusthan

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!