ताऊ देवीलाल की प्रतिमा पर कीचड़ फेंकने से गरमाई राजनीति
पिपली पार्क में जुटेंगे JJP कार्यकर्ता

हरियाणा के कुरुक्षेत्र में पिपली स्थित ताऊ देवीलाल पार्क में पूर्व उप-प्रधानमंत्री चौधरी देवीलाल की प्रतिमा पर कीचड़ फेंकने का मामला अब राजनीतिक तूल पकड़ता जा रहा है। घटना के विरोध में जननायक जनता पार्टी (JJP) ने शनिवार को अहम बैठक बुलाई है, जिसमें जिलेभर से पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होंगे।
पार्टी कार्यकर्ता ताऊ देवीलाल पार्क में एकत्रित होने के बाद एसपी कार्यालय तक जाएंगे और प्रशासन के खिलाफ विरोध जताते हुए ज्ञापन सौंपेंगे।
आरोपियों पर कार्रवाई की मांग
JJP नेता योगेश शर्मा ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता एसपी चंद्रमोहन से मुलाकात कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करेंगे। उन्होंने कहा कि इस घटना से कार्यकर्ताओं में भारी रोष है और प्रशासन को जल्द दोषियों को गिरफ्तार करना चाहिए।
योगेश शर्मा के अनुसार शुक्रवार शाम करीब 7 बजे एक बुजुर्ग व्यक्ति ने फोन कर प्रतिमा पर कीचड़ फेंके जाने की सूचना दी थी। सूचना मिलते ही कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और प्रतिमा की सफाई करवाई।
चेहरे और पगड़ी पर फेंका गया कीचड़
कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर देखा कि प्रतिमा के चेहरे, पगड़ी और ऊपरी हिस्से पर गीली मिट्टी और कीचड़ फेंका गया था। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने पूरे स्थल की सफाई की और घटना पर नाराजगी जताई।
JJP नेताओं ने इसे किसानों और गरीबों की आवाज रहे चौधरी देवीलाल का अपमान बताते हुए कहा कि इस तरह की हरकत समाज का माहौल खराब करने वाली है।
प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
योगेश शर्मा ने कहा कि ताऊ देवीलाल पार्क जीटी रोड जैसे व्यस्त क्षेत्र में स्थित है, जहां दिनभर लोगों की आवाजाही रहती है। ऐसे में दिनदहाड़े इस तरह की घटना होना प्रशासन की सतर्कता पर सवाल खड़े करता है।
उन्होंने प्रशासन से मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए।
#Kurukshetra #DeviLal #JJP #HaryanaPolitics #Pipli #PoliticalNews #BhagwaHindustan #BhagwaHindusthan #HamareMath #GiriReporter #MandiDabwali




