20.44 ग्राम हेरोइन और 5.60 लाख की ड्रग मनी के साथ युवक गिरफ्तार
चौटाला गांव में सीआईए डबवाली की कार्रवाई, पिट्ठू बैग से बरामद हुई हेरोइन और नकदी; तस्करी नेटवर्क को लेकर पूछताछ जारी

डबवाली, 11 अगस्त। सीआईए स्टाफ डबवाली ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए गांव चौटाला से एक युवक को 20.44 ग्राम हेरोइन और 5.60 लाख रुपये की नकदी के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार बरामद नकदी को ड्रग मनी के तौर पर जांच में शामिल किया गया है।
पुलिस प्रवक्ता उपनिरीक्षक आनंद कुमार के मुताबिक, सीआईए प्रभारी उपनिरीक्षक शैलेंद्र कुमार के नेतृत्व में टीम गांव चौटाला में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मिली गुप्त सूचना के आधार पर एक युवक को काबू किया गया। तलाशी के दौरान उसके पिट्ठू बैग से 20.44 ग्राम हेरोइन और 5 लाख 60 हजार रुपये नकद बरामद हुए।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अनिल कुमार के रूप में हुई है। उसके खिलाफ थाना सदर डबवाली में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी के पास इतनी मात्रा में हेरोइन और नकदी कहां से आई तथा इसके पीछे नशा तस्करी के नेटवर्क में कौन-कौन लोग जुड़े हैं।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर अन्य संदिग्धों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही नशे के कारोबार से अर्जित कथित अवैध संपत्ति की भी जांच किए जाने की बात कही गई है।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि उनके आसपास नशे की खरीद-फरोख्त, सप्लाई या तस्करी से जुड़ी कोई गतिविधि सामने आती है तो इसकी सूचना मानस पोर्टल, हेल्पलाइन 1933, डबवाली पुलिस के मोबाइल नंबर 9138999748 अथवा नजदीकी थाना या चौकी में दें।


