Welcome to भगवा हिन्दुस्तान   Click to listen highlighted text! Welcome to भगवा हिन्दुस्तान
jaipur

जयपुर में युवक की संदिग्ध मौत, पिता ने बहू और 3 युवकों पर हत्या का लगाया आरोप

CCTV फुटेज के आधार पर पिता ने पुलिस को सौंपे सबूत; पत्नी के बयान और फुटेज में अंतर होने का दावा, जांच जारी

जयपुर। विश्वकर्मा थाना क्षेत्र में करीब 12 दिन पहले हुई 27 वर्षीय युवक महेश मीणा की मौत के मामले में उसके पिता ने बहू समेत चार लोगों पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। पिता बाबूलाल मीणा ने पुलिस को CCTV फुटेज उपलब्ध कराते हुए दावा किया है कि उनके बेटे को उसकी पत्नी कविता तीन युवकों के साथ बाइक पर लेकर पहुंची थी और उस समय महेश बेहोशी की हालत में था।

पुलिस के अनुसार, बाबूलाल मीणा ने 16 अगस्त की शाम मामले में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

पत्नी के साथ गया था महेश

बाबूलाल मीणा के अनुसार, महेश विश्वकर्मा इलाके की एक लोहे की चद्दर कंपनी में काम करता था। करीब डेढ़ साल पहले उसकी शादी शिवदासपुरा निवासी कविता मीणा से हुई थी।

परिजनों के मुताबिक, 5 अगस्त की सुबह करीब 9 बजे महेश अपनी पत्नी को दवाई दिलाने के लिए बाइक से निकला था। बगरू के बोराज से दवाई लेने के बाद वह देर शाम तक घर नहीं लौटा।

शाम करीब 5 बजे महेश के छोटे भाई मनीष ने फोन किया तो कविता ने फोन उठाया और जल्द घर पहुंचने की बात कही।

14 नंबर पुलिया के पास बेहोश मिला

इसके बाद कविता ने मनीष को फोन कर महेश की तबीयत खराब होने की जानकारी दी और विश्वकर्मा 14 नंबर पुलिया के पास बुलाया। मनीष अपनी बहन संतोष के साथ करीब 20 मिनट बाद मौके पर पहुंचा। वहां महेश बाइक के पास सड़क किनारे बेहोशी की हालत में मिला।

मनीष उसे तुरंत सीकर रोड स्थित सीकेएस हॉस्पिटल लेकर गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए कांवटिया हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी भेजा था। 5 अगस्त को पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

पत्नी के बयान पर पिता को हुआ शक

महेश के पिता का आरोप है कि परिवार के पूछने पर कविता ने बताया था कि वह महेश के साथ अपने पीहर गई थी। श्याम नगर क्षेत्र में 200 फीट चौराहे के पास अचानक महेश की तबीयत खराब हो गई। कविता के अनुसार, उसने महेश को बाइक पर पीछे बैठाकर खुद से बांधा और घर ला रही थी। रास्ते में हालत ज्यादा खराब होने पर उसने 14 नंबर पुलिया के पास बाइक रोककर महेश को सड़क किनारे लिटा दिया।

बाबूलाल का कहना है कि बाद में आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज देखने पर उन्हें इस कहानी पर संदेह हुआ।

CCTV में तीन युवकों के साथ आने का दावा

पिता के मुताबिक CCTV फुटेज में कविता एक युवक के साथ बाइक पर आती दिखाई दे रही है। दूसरी बाइक पर दो युवक महेश को बीच में बैठाकर लेकर आए। फुटेज में महेश की हालत खराब दिखाई देने और सड़क किनारे बैठने के बाद बार-बार गिरने का दावा किया गया है।

फुटेज में कविता और एक युवक द्वारा महेश को संभालने तथा बाद में एक युवक को बाइक की चाबी देकर वहां से भेजने की बात भी सामने आई है।

पिता ने चार लोगों पर लगाया हत्या का आरोप

बाबूलाल मीणा ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि उनकी बहू कविता ने कथित बॉयफ्रेंड गणेश और उसके परिचित अजय मीणा व गोलू प्रजापत के साथ मिलकर उनके बेटे की हत्या की साजिश रची। पिता का आरोप है कि महेश को जहर दिया गया, जिसके बाद उसकी हालत बिगड़ी और उसकी मौत हो गई।

हालांकि, ये आरोप फिलहाल शिकायतकर्ता की ओर से लगाए गए हैं। पुलिस ने CCTV फुटेज और अन्य तथ्यों के आधार पर जांच शुरू कर दी है। आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

पुलिस की जांच जारी

विश्वकर्मा थाना पुलिस ने महेश की मौत के बाद मर्ग दर्ज कर जांच शुरू की थी। अब पिता की शिकायत और उपलब्ध CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि महेश की मौत किन परिस्थितियों में हुई और CCTV में दिखाई दे रहे लोगों की इसमें क्या भूमिका थी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!