जयपुर में बुजुर्ग पिता की हत्या, मां-बेटे ने शव को कट्टे में भरकर ठिकाने लगाने की कोशिश
शराब के नशे में विवाद के बाद कुल्हाड़ी से हमला; हाथ-पैर मोड़कर प्लास्टिक के कट्टे में डाला शव, टेंपो ड्राइवर को शक हुआ तो खुला हत्या का राज

जयपुर। जयपुर में बुजुर्ग पिता की हत्या के मामले में पुलिस ने मां-बेटे को गिरफ्तार किया है। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि शराब के नशे में पिता के साथ विवाद के बाद बेटे ने अपनी मां के साथ मिलकर कुल्हाड़ी से हमला कर उनकी हत्या कर दी। इसके बाद दोनों ने शव को ठिकाने लगाने की तैयारी की।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान 75 वर्षीय जगदीश के रूप में हुई है। हत्या के आरोप में उसके बेटे सवाईराम जाट और पत्नी सजना उर्फ सजनी को गिरफ्तार किया गया है।
शव को कट्टे में भरकर ले जाने की थी तैयारी
पुलिस जांच के मुताबिक हत्या के बाद मां-बेटे ने कमरे में पड़े शव को चादर और कंबल में लपेटा और खून के निशान साफ किए। इसके बाद शव को प्लास्टिक के कट्टे में डालने का प्रयास किया गया। शव पूरी तरह कट्टे में नहीं समा रहा था, जिसके चलते उसके हाथ-पैर और गर्दन मोड़कर उसे कट्टे में डाला गया।
आरोपियों ने शव को अपने गांव ले जाकर ठिकाने लगाने की योजना बनाई थी।
टेंपो ड्राइवर को कट्टे से आई बदबू
शव को ले जाने के लिए सवाईराम ने एक टेंपो ड्राइवर से संपर्क किया। ड्राइवर मौके पर पहुंचा तो कट्टे से बदबू आ रही थी और उस पर खून के निशान भी दिखाई दिए। ड्राइवर को शक हुआ तो उसने शव ले जाने से इनकार कर दिया।
इसके बाद ड्राइवर ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
पुलिस को गुमराह करता रहा आरोपी
पुलिस के अनुसार, शुरुआत में सवाईराम ने घटना के संबंध में पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। पूछताछ के दौरान लगातार सवाल किए जाने पर उसने हत्या की बात कबूल की। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घर से करीब 150 मीटर दूर झाड़ियों से कंबल में लिपटा शव बरामद किया।
पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है। मामले में आगे की जांच जारी है।
पहले भी हत्या के मामले में जेल जा चुका है परिवार
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी परिवार के कुछ सदस्य पहले भी एक हत्या के मामले में जेल जा चुके हैं। पुलिस अब इस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।




