Welcome to भगवा हिन्दुस्तान   Click to listen highlighted text! Welcome to भगवा हिन्दुस्तान
bathinda

सरकारी स्पोर्ट्स स्कूल घुद्दा: 11 खेलों के इनडोर-आउटडोर मैदान, 100 से ज्यादा राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी यहीं से निकले

16 एकड़ में बना स्कूल दे रहा खेल प्रतिभाओं को मंच; मुफ्त प्रशिक्षण, हॉस्टल और हेल्दी डाइट की सुविधा, स्कूल की बेहतरी के लिए सरकार ने मंजूर किए 5 करोड़ रुपये

बठिंडा। राष्ट्रीय खेल दिवस के उद्देश्य को सार्थक करने में बठिंडा का सरकारी स्पोर्ट्स स्कूल घुद्दा मिसाल बनकर उभर रहा है। वर्ष 2011 में करीब 16 एकड़ क्षेत्र में स्थापित इस स्कूल में 11 खेलों के इनडोर और आउटडोर मैदान उपलब्ध हैं। यहां विशेषज्ञ कोचों की निगरानी में खिलाड़ी सुबह और शाम नियमित रूप से अभ्यास करते हैं और साथ ही छठी से 12वीं कक्षा तक अपनी पढ़ाई भी जारी रखते हैं।

स्कूल में अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग के लड़के और लड़कियों का चयन खेल ट्रायल के आधार पर किया जाता है। चयनित खिलाड़ियों को मुफ्त खेल प्रशिक्षण, पौष्टिक डाइट और रहने के लिए हॉस्टल की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है।

स्कूल के विकास के लिए 5 करोड़ रुपये मंजूर

सरकार ने स्पोर्ट्स स्कूल घुद्दा की स्थिति और सुविधाओं में सुधार के लिए 5 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। इसके अलावा अगले शैक्षणिक सत्र से यहां वाटर स्पोर्ट्स शुरू किए जाने की तैयारी है।

वर्तमान में स्कूल में 11 अध्यापक और 9 खेल कोच खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दे रहे हैं।

कई खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बनाई पहचान

स्पोर्ट्स स्कूल घुद्दा से प्रशिक्षण लेकर कई खिलाड़ियों ने राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है।

एथलेटिक्स में सुमन रानी ने जापान में आयोजित यूथ एशिया एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भाग लिया। पंजाब सरकार की ओर से निकाली गई खेल संबंधी पोस्टों के तहत उन्हें खेलो इंडिया की कोच के रूप में भी चुना गया।

कुश्ती खिलाड़ी दविंदर सिंह को 10 हजार रुपये प्रतिमाह की स्कॉलरशिप मिल रही है। बास्केटबॉल में मनी सिंह ने यूथ नेशनल और खेलो इंडिया में गोल्ड मेडल जीता और यूथ इंडिया कैंप में हिस्सा लिया।

एथलेटिक्स में खुशदीप कौर, गुरदीप कौर, सुमन रानी, प्रभजोत कौर, नरपिंदर सिंह, करण दीप कुमार, सिमरजीत कौर और अमनदीप सिंह ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में देश के लिए पदक जीते हैं।

हॉकी में लवली कौर, नवनीत कौर, सिमरनजीत कौर, सोमा कौर, हरीशा और जैसमीन कौर ने अपनी पहचान बनाई है।

बॉक्सिंग में कार्तिक शर्मा ने स्कूल नेशनल में ब्रॉन्ज, जबकि जश्नदीप सिंह ने ओपन नेशनल में ब्रॉन्ज मेडल जीता है।

फुटबॉल में प्रभलीन सिंह, पवनवीर सिंह और पुनीतपाल सिंह ने उपलब्धियां हासिल की हैं। कबड्डी में गगनदीप कौर, नवजोत कौर, जसवीर कौर, लछमी, सनमदीप कौर और सर्बजीत कौर ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में पदक जीते हैं।

कुश्ती में सुखविंदर सिंह, दविंदर सिंह, सुखप्रीत कौर, अमनप्रीत कौर, निशान सिंह, अरमान सिंह कंग और आकाश दीप ने नेशनल गेम्स में पदक हासिल किए हैं।

वेटलिफ्टिंग में अमनदीप कौर, रमनदीप कौर और गुरविंदर कौर ने स्टेट और नेशनल स्तर पर मेडल जीते हैं।

करणदीप सिंह ने बहरीन में आयोजित पैरा यूथ एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीता और खेलो इंडिया के लिए चयनित हुए। उन्हें 10 हजार रुपये प्रतिमाह की स्कॉलरशिप भी मिल रही है।

11 खेलों के लिए आधुनिक सुविधाएं

स्पोर्ट्स स्कूल घुद्दा में एथलेटिक्स के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर का 400 मीटर, 8 लेन ट्रैक मौजूद है। इसके अलावा एस्ट्रोटर्फ हॉकी मैदान और अंतरराष्ट्रीय मानक का स्वीमिंग पूल भी है।

स्कूल परिसर में वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, फुटबॉल, रेसलिंग, वेटलिफ्टिंग, बॉक्सिंग और कबड्डी के लिए भी मैदान व सुविधाएं उपलब्ध हैं।

सुबह से शाम तक मैदान में पसीना बहाते हैं खिलाड़ी

यहां खिलाड़ियों की दिनचर्या भी अनुशासन और कड़ी मेहनत पर आधारित है। एथलीटों के लिए सुबह जल्दी उठना अनिवार्य है। सुबह ग्राउंड पर विशेषज्ञ कोचों की निगरानी में करीब दो घंटे अभ्यास कराया जाता है।

इसके बाद खिलाड़ी निर्धारित समय के अनुसार स्कूल की पढ़ाई करते हैं। शाम करीब 4 बजे दोबारा मैदान में पहुंचकर लगभग तीन घंटे तक अभ्यास करते हैं।

खेल प्रशिक्षण, शिक्षा, हॉस्टल और डाइट की सुविधाओं के साथ स्पोर्ट्स स्कूल घुद्दा ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर दे रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!