
भारत और बांग्लादेश के बीच अगस्त-सितंबर में होने वाली तीन वनडे और तीन टी-20 मैचों की सीरीज फिलहाल टल गई है, लेकिन इसे पूरी तरह रद्द नहीं किया गया है। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष तमिम इकबाल के मुताबिक BCCI और BCB दोनों सीरीज कराने को लेकर गंभीर हैं और नई तारीख तलाशने के लिए लगातार बातचीत कर रहे हैं। तमिम ने कहा कि दोनों बोर्ड किसी संभावित तारीख पर विचार कर रहे हैं, लेकिन दोनों देशों का क्रिकेट कैलेंडर काफी व्यस्त होने के कारण कार्यक्रम तय करना आसान नहीं है। सीरीज पहले 2024 में होनी थी, लेकिन बांग्लादेश में राजनीतिक अस्थिरता और सरकार विरोधी आंदोलन के बाद परिस्थितियां बदल गई थीं। इसके बाद दोनों देशों के क्रिकेट संबंधों में कुछ और तनाव भी देखने को मिला। सुरक्षा भी इस पूरे मामले में अहम मुद्दा बनी हुई है और बांग्लादेश की ओर से भारत को टीम इंडिया की सुरक्षा को लेकर भरोसा दिलाने की कोशिश की जा रही है। तमिम इकबाल ने बांग्लादेश की विदेश राज्य मंत्री शामा ओबैद इस्लाम से मुलाकात कर सरकार से भारत के साथ बातचीत करने की अपील भी की है। उनका कहना है कि अगर दोनों देशों के राजनीतिक संबंधों में सुधार होता है और सुरक्षा को लेकर भरोसा कायम होता है, तो सीरीज के आयोजन का रास्ता साफ हो सकता है। वहीं, IPL 2025 से पहले बांग्लादेशी ऑलराउंडर मुस्तफिजुर रहमान को कोलकाता नाइट राइडर्स से हटाए जाने के बाद दोनों देशों के क्रिकेट बोर्ड के बीच तनाव बढ़ गया था। इसके बाद बांग्लादेश ने भारत-श्रीलंका की मेजबानी में हुए टी-20 वर्ल्ड कप में अपनी टीम नहीं भेजने का फैसला किया था। ऐसे में भारत-बांग्लादेश सीरीज सिर्फ क्रिकेट कैलेंडर का हिस्सा नहीं बल्कि दोनों देशों के बीच खेल और कूटनीतिक रिश्तों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। फिलहाल तमिम इकबाल के बयान से इतना स्पष्ट है कि दोनों बोर्ड सीरीज को बचाने और नई तारीख तय करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन अंतिम कार्यक्रम कब होगा, इस पर अभी फैसला बाकी है।




