पत्नी की हत्या की, पुलिस पहुंची तो बोला- सलाम साहब: हरदोई में सोते वक्त चाकू से काटा गला; 12 साल पहले की थी लव मैरिज
हरदोई में परवेज पर पत्नी नगमा की सोते समय चाकू से गला काटकर हत्या करने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक आरोपी शव के पास बैठा मिला और पुलिस को देखकर सलाम साहब कहा।

हरदोई में एक पति पर अपनी पत्नी की हत्या करने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक, शहर कोतवाली क्षेत्र में बुधवार तड़के करीब 3 बजे परवेज (34) ने सोते समय पत्नी नगमा (30) का चाकू से गला काट दिया। वारदात के बाद उसने अपनी बहन को फोन कर हत्या की जानकारी दी।
बहन की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के अनुसार, आरोपी कमरे में शव के पास बैठा मिला। कमरे में खून फैला हुआ था। पुलिस को देखते ही आरोपी ने कथित तौर पर कहा- “सलाम साहब।”
12 साल पहले की थी लव मैरिज
पुलिस के मुताबिक, परवेज ने करीब 12 साल पहले रिश्ते में भतीजी नगमा से लव मैरिज की थी। दोनों की कोई संतान नहीं थी।
पुलिस ने बताया कि परवेज को शक था कि नगमा का बाइक मैकेनिक नाजिम के साथ अफेयर चल रहा है। इसी शक को लेकर पिछले करीब 8 महीने से पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था।
किराए के मकान में रहते थे दोनों
परवेज पहले अपने पुश्तैनी मकान में रहता था। वहां उसकी मां शहनाज, मृतक भाई रजी की पत्नी अल्लू और परवेज का हिस्सा था। शादी के बाद रहने में दिक्कत होने पर उसने अपना हिस्सा बहन रूबिना को डेढ़ लाख रुपये में बेच दिया था।
इसके बाद परवेज पत्नी के साथ किराए के मकान में रहने लगा। उसके बगल वाले कमरे में उसकी बहन जुबीना अपने पति गुलफाम के साथ रहती थी।
रात में कमरे में हुई वारदात
मंगलवार रात नगमा कमरे में तख्त पर लेटी हुई थी। पुलिस के अनुसार, इसी दौरान परवेज ने उस पर हमला किया। कमरे का दरवाजा बंद था और फर्राटा पंखा चल रहा था, जिसके कारण आसपास मौजूद लोगों को तत्काल घटना की जानकारी नहीं हो सकी।
बुधवार सुबह करीब साढ़े 3 बजे परवेज ने अपनी बहन जुबीना को फोन कर घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
बहन ने कहा- एक हफ्ते से मिल रही थी धमकी
नगमा की बहन शब्बो ने बताया कि परवेज कथित तौर पर पिछले एक सप्ताह से नगमा को मारने और उसका गला काटने की धमकी दे रहा था। शब्बो के मुताबिक, आखिरकार उसने नगमा का गला काटकर उसकी हत्या कर दी।
शब्बो ने यह भी कहा कि हत्या की वजह उसे पता नहीं है, क्योंकि वह दूर से आई है। उसके मुताबिक, नगमा और परवेज के पड़ोस वाले कमरे में बहन-बहनोई रहते थे और उन्हें घटना के बारे में अधिक जानकारी हो सकती है।
नोट: हत्या की वजह और अन्य आरोपों की अंतिम पुष्टि पुलिस जांच और कानूनी प्रक्रिया के बाद होगी। इस खबर में आरोपी के खिलाफ लगाए गए आरोप पुलिस और परिजनों के बताए विवरण के आधार पर हैं।
हमारे मठ | RNI NO. HARHIN/2023/90591




