चाईबासा के चालगी गांव में जंगली हाथी का हमला, युवक घायल
झाड़ियों से अचानक निकले हाथी ने सूंड से पकड़कर युवक को पटका; इलाके में 3 हाथियों की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत
पश्चिमी सिंहभूम जिले के टोंटो थाना क्षेत्र के चालगी गांव में मंगलवार देर शाम जंगली हाथी के हमले में युवक गुड्डू गोप घायल हो गया। बताया गया कि गुड्डू देर शाम शौच के लिए गांव के पास खेत की ओर गया था और वापस लौटते समय रास्ते में झाड़ियों में छिपे हाथी ने अचानक उस पर हमला कर दिया। हाथी ने अपनी सूंड से युवक को पकड़कर पटक दिया और पैर से भी वार किया, जिससे वह घायल हो गया। इसके बाद हाथी युवक को छोड़कर झाड़ियों की ओर चला गया। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और वन विभाग को सूचना दी। वन विभाग की टीम ने गांव पहुंचकर हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखी और उन्हें जंगल की ओर खदेड़ने का प्रयास किया। ग्रामीणों के अनुसार इलाके में फिलहाल तीन जंगली हाथी घूम रहे हैं और उनकी लगातार आवाजाही से गांव में डर का माहौल बना हुआ है। हाथियों द्वारा खेतों में लगी फसलों को नुकसान पहुंचाने की बात भी सामने आई है, जिसके चलते ग्रामीणों के लिए खेतों और आसपास के इलाकों में जाना जोखिम भरा हो गया है। हमले में घायल गुड्डू गोप को वन विभाग की टीम इलाज के लिए चाईबासा सदर अस्पताल लेकर गई, जहां चिकित्सकों ने उसकी चोटों को मामूली बताया। ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने और उन्हें आबादी क्षेत्र से दूर जंगल में खदेड़ने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी बड़ी घटना को रोका जा सके।



