देहरादून स्टेडियम में हरियाणा के खिलाड़ियों की शराब पार्टी, VIDEO वायरल
मैच के बाद स्टैंड में टेबल पर रखी दिखीं शराब की बोतलें; ACL को प्रमोट करने पहुंचे थे हरियाणा के कई सिंगर और कलाकार

देहरादून के रायपुर स्थित राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में मैच खत्म होने के बाद हरियाणा के कुछ खिलाड़ियों की कथित शराब पार्टी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो आर्टिस्ट चैंपियंस लीग (ACL) के मैच के बाद का है। 9 सितंबर को लीग की ओपनिंग सेरेमनी आयोजित की गई थी, जबकि 10 सितंबर से मुकाबले शुरू हुए। वायरल वीडियो में स्टेडियम की दर्शक दीर्घा में एक टेबल पर शराब की बोतलें और गिलास रखे हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में कुछ लोग शराब परोसते और जश्न मनाते नजर आ रहे हैं। एक व्यक्ति बोतल से गिलास में शराब डालता हुआ दिखाई देता है, जबकि आसपास पानी की बोतल और खाने-पीने का सामान भी रखा नजर आ रहा है। वीडियो में एक खिलाड़ी द्वारा बोतल का ढक्कन खोलने और इसके बाद शराब परोसने का दृश्य भी दिखाई देता है। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और यह स्पष्ट नहीं है कि स्टेडियम परिसर में शराब के सेवन की अनुमति थी या नहीं। जानकारी के मुताबिक, ACL सीजन-1 की ओपनिंग सेरेमनी के दौरान हरियाणा के कई म्यूजिक कलाकार और सिंगर लीग को प्रमोट करने पहुंचे थे। इनमें विक्रम सरकार, खासा आला चाहर, अमनराज गिल और प्रांजल दहिया समेत अन्य कलाकारों के नाम सामने आए हैं। घटना को लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। जिस स्टेडियम में यह वीडियो बनाया गया, उसका निर्माण करीब 237.20 करोड़ रुपये की लागत से 23 एकड़ क्षेत्र में किया गया है और इसकी दर्शक क्षमता 25 हजार से अधिक बताई जाती है। जून 2018 में इसी मैदान पर अफगानिस्तान और बांग्लादेश के बीच तीन टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की सीरीज भी खेली गई थी। अब वायरल वीडियो के सामने आने के बाद स्टेडियम परिसर में खिलाड़ियों द्वारा कथित तौर पर शराब सेवन किए जाने को लेकर सवाल उठ रहे हैं।




