Welcome to भगवा हिन्दुस्तान   Click to listen highlighted text! Welcome to भगवा हिन्दुस्तान
मध्य प्रदेश

खंडवा में पीएम मोदी के जन्मदिन पर हर पंचायत को 500 दीप जलाने का लक्ष्य: फोटो-वीडियो और रील भी पोर्टल पर करनी होगी अपलोड

17 सितंबर को शाम 7 बजे होगा ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम; पंचायतों को फोटो, वीडियो और रील पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश

खंडवा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर खंडवा जिले में 17 सितंबर को ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। पंधाना जनपद पंचायत के सीईओ ने ग्राम पंचायतों को दीप प्रज्ज्वलन के लिए लक्ष्य निर्धारित किए हैं।

जनपद पंचायत सीईओ शुभम निमामे की ओर से जारी आदेश के अनुसार प्रत्येक ग्राम पंचायत में कम से कम 500 दीप जलाने का लक्ष्य दिया गया है। साथ ही कार्यक्रम की फोटो, वीडियो और रील बनाकर निर्धारित पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए गए हैं।

सीईओ के मुताबिक, ये निर्देश शासन के आदेश के तहत जारी किए गए हैं। जनपद पंचायत स्तर पर कलेक्टर कार्यालय से भी कार्यक्रम को लेकर निर्देश प्राप्त हुए थे।

17 सितंबर को शाम 7 बजे होगा दीप प्रज्ज्वलन

15 सितंबर को जारी आदेश के अनुसार 17 सितंबर 2026 को शाम 7 बजे ग्राम पंचायत मुख्यालय, गांवों के प्रमुख स्थानों और शासकीय परिसरों में दीप जलाए जाएंगे।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, कर्मचारियों और ग्रामीणों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, आशा कार्यकर्ता, शिक्षक, स्वयं सहायता समूह की महिलाएं, ग्राम कोटवार और एएनएम सहित मैदानी अमले को भी आयोजन से जोड़ने के लिए कहा गया है।

इन स्थानों पर भी जलाए जाएंगे दीप

आदेश के अनुसार पीएम आवास योजना की कॉलोनियों और मोहल्लों, अमृत सरोवर, जल संरचनाओं, नवनिर्मित पुल-बांध, जन औषधि केंद्र, आयुष्मान सूचीबद्ध अस्पताल, एक्स-रे केंद्र, स्कूल-कॉलेज और अन्य शैक्षणिक संस्थानों में भी दीप प्रज्ज्वलन किया जाएगा।

इसके अलावा मंदिर, घाट, आध्यात्मिक केंद्र, पंचायत भवन, सामुदायिक केंद्र, ऊर्जा और नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाएं, पर्यटन एवं आध्यात्मिक स्थलों तथा नगरीय और ग्रामीण विकास से जुड़ी परियोजनाओं को भी कार्यक्रम में शामिल किया गया है।

अलग-अलग वर्गों की भागीदारी के निर्देश

कार्यक्रम में राशन कार्डधारी, युवा विद्यार्थी, किसान, व्यापारी, लघु उद्यमी, स्टार्टअप, पशुपालक, मधुमक्खी पालक परिवार और असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने को कहा गया है।

इसके साथ जनजातीय एवं वनवासी परिवार, महिला स्वयं सहायता समूह, लाड़ली बहना योजना के हितग्राही, पीएम आवास और स्वामित्व योजना के लाभार्थी, पथ विक्रेता, पारंपरिक कारीगर, आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, पूर्व सैनिक और दिव्यांगजन को भी आयोजन से जोड़ने के निर्देश दिए गए हैं।

फोटो-वीडियो और रील पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश

आदेश में कार्यक्रम के दौरान फोटो, वीडियो और रील तैयार कर निर्धारित पोर्टल modiat25.in पर अपलोड करने को कहा गया है। इसके जरिए गांवों में आयोजित कार्यक्रमों का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री का ऑडियो संदेश भी सुनाया जाएगा। इसमें दीप प्रज्ज्वलन में सहभागिता की अपील की गई है।

जिले के 27 प्रमुख स्थलों पर भी होगा आयोजन

पंचायत स्तर के कार्यक्रमों के अलावा जिले के 27 प्रमुख स्थलों पर विशेष दीप प्रज्ज्वलन की तैयारी है। इनमें धार्मिक, ऐतिहासिक और सार्वजनिक महत्व के स्थान शामिल हैं।

नगरीय क्षेत्रों में प्रत्येक वार्ड में कार्यक्रम आयोजित करने की योजना है। इसके लिए कर्मचारियों की वार्डवार ड्यूटी लगाई जाएगी। मंदिरों, बाजारों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, घाटों, पीएम आवास कॉलोनियों, पंचायत भवनों, सामुदायिक केंद्रों, स्कूल-कॉलेजों और सरकारी कार्यालयों को भी आयोजन से जोड़ने के निर्देश दिए गए हैं।

हमारे मठ | RNI NO. HARHIN/2023/90591

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!