CM योगी बोले- पहले हर जिले में था एक माफिया: गोरखपुर में कहा- इंसेफ्लाइटिस भी माफिया और मच्छर की तरह खत्म, अब 75 जिलों में 85 मेडिकल कॉलेज
गोरखपुर में IMA के चैरिटेबल ब्लड सेंटर का CM योगी ने किया लोकार्पण; बोले- यूपी में अब 75 जिलों में 85 मेडिकल कॉलेज, इंसेफ्लाइटिस पर भी नियंत्रण

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दो दिवसीय दौरे पर गोरखपुर पहुंचे। बुधवार को उन्होंने तारामंडल स्थित इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) भवन में चैरिटेबल ब्लड सेंटर का लोकार्पण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार, इंसेफ्लाइटिस पर नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को लेकर अपनी सरकार के कार्यकाल की स्थिति पर बात की।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि एक समय उत्तर प्रदेश की पहचान प्रत्येक जिले में किसी न किसी दुर्दांत माफिया से जुड़ गई थी। उन्होंने कहा कि गोरखपुर में डॉक्टरों के अपहरण, रंगदारी और धमकी जैसी घटनाएं होती थीं। उनके मुताबिक, उस समय चिकित्सकों के साथ मिलकर इन समस्याओं के खिलाफ आंदोलन करना पड़ता था।
योगी ने कहा कि अब प्रदेश में चिकित्सक, व्यापारी और आम नागरिक स्वयं को सुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की नई पहचान अब ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन मेडिकल कॉलेज’ जैसे स्वास्थ्य क्षेत्र के विस्तार से बन रही है।
इंसेफ्लाइटिस को लेकर बोले- अब स्थिति बदल गई
मुख्यमंत्री ने कहा कि करीब नौ वर्ष पहले इंसेफ्लाइटिस के मौसम में बच्चों की मौत की घटनाएं चिंता का विषय रहती थीं। स्वास्थ्य सुविधाओं, संसाधनों और अस्पतालों में बेड की कमी की वजह से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता था।
उन्होंने कहा कि अब इंसेफ्लाइटिस की स्थिति में बड़ा बदलाव आया है और इसे उन्होंने माफिया तथा मच्छर की तरह खत्म होने की बात कही।
योगी आदित्यनाथ ने बताया कि वर्तमान में प्रदेश के 75 जिलों में 85 मेडिकल कॉलेज हैं। गोरखपुर में दो मेडिकल कॉलेज और एम्स संचालित हो रहे हैं। उन्होंने देवरिया, महराजगंज, कुशीनगर, बस्ती, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, बहराइच, गोंडा, अयोध्या और अंबेडकरनगर समेत कई जिलों में मेडिकल कॉलेज शुरू होने की जानकारी भी दी।
हर जिला अस्पताल में डायलिसिस के 10 बेड
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने प्रत्येक जिला चिकित्सालय में डायलिसिस के 10-10 बेड उपलब्ध कराने की सुविधा शुरू की है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश में एमबीबीएस की सीटों की संख्या 13 हजार से अधिक हो गई है, जबकि पहले यह करीब 4 हजार थी।
IMA के चैरिटेबल ब्लड सेंटर की शुरुआत
गोरखपुर में IMA की जिला इकाई ने अपने भवन में चैरिटेबल ब्लड सेंटर तैयार किया है। मुख्यमंत्री ने सेंटर का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।
IMA के अनुसार ब्लड सेंटर को नो प्रॉफिट, नो लॉस की तर्ज पर संचालित किया जाएगा। जरूरतमंद लोगों को सामान्य ब्लड बैंक की तुलना में सस्ती दर पर रक्त उपलब्ध कराने की बात कही गई है। सेंटर में ब्लड की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने और रक्तदाताओं के लिए दो बेड की व्यवस्था की गई है।
ब्लड सेंटर में करीब 400 यूनिट रक्त रखने की क्षमता बताई गई है।
मुख्यमंत्री ने की स्वैच्छिक रक्तदान की अपील
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जरूरत के मुताबिक रक्त की आपूर्ति बनाए रखने के लिए स्वैच्छिक रक्तदाताओं को प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। उन्होंने डॉक्टरों से सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को रक्तदान के लिए जागरूक करने की अपील की।
उन्होंने पेशेवर रक्तदाताओं को लेकर भी सतर्कता बरतने की बात कही और कहा कि रक्त की सुरक्षा एवं गुणवत्ता बनाए रखना जरूरी है।
कार्यक्रम में डॉ. अभिषेक ने भी रक्तदान को सराहनीय और पुण्य कार्य बताते हुए अधिक से अधिक लोगों से रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की।
गोरखपुर में 3.09 करोड़ की लागत से कल्याण मंडपम
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शाम को गोरखपुर विकास प्राधिकरण (GDA) की ओर से नकहा नंबर-2 में बनाए गए कल्याण मंडपम का लोकार्पण करेंगे।
GDA के उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल के अनुसार, 2461 वर्गमीटर भूमि पर बने इस कल्याण मंडपम पर 3.09 करोड़ रुपये की लागत आई है। दो मंजिला भवन में करीब 300 लोगों के बैठने की क्षमता है।
परिसर में बड़े हॉल के अलावा किचन, स्टोर, ऑफिस, चेंज रूम, महिला एवं पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालय और पार्किंग की व्यवस्था की गई है। लॉन और फव्वारे का भी निर्माण किया गया है।
GDA के अनुसार, वार्ड नंबर-7 महादेव झारखंडी और वार्ड नंबर-2 बाबा राघवदास नगर के सेमरा में दो अन्य कल्याण मंडपम का निर्माण भी चल रहा है। दोनों परियोजनाओं पर करीब ढाई-ढाई करोड़ रुपये खर्च होने की जानकारी दी गई है।
हमारे मठ | RNI NO. HARHIN/2023/90591




