कटनी में खुले में पढ़ने को मजबूर बच्चे: एक तरफ जर्जर स्कूल की दीवार, दूसरी तरफ तिरपाल; निजी परिसर में चल रही प्राथमिक शाला
बम्हनगांव में जर्जर भवन के चलते स्कूल को अस्थायी रूप से निजी परिसर में शिफ्ट किया गया; ग्रामीणों ने बाउंड्रीवॉल और नए भवन की मांग की

कटनी। ग्राम बम्हनगांव में शासकीय प्राथमिक शाला की स्थिति सामने आई है, जहां जर्जर स्कूल भवन के कारण बच्चों को निजी परिसर में तिरपाल के नीचे पढ़ाया जा रहा है। कक्षा के एक तरफ दीवार है, जबकि दूसरी तरफ तिरपाल लगाकर बच्चों के लिए अस्थायी व्यवस्था की गई है।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के मौसम में इस खुले परिसर में बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहती है।
जर्जर भवन के कारण निजी परिसर में शिफ्ट किया स्कूल
जानकारी के मुताबिक मूल स्कूल भवन काफी जर्जर हो चुका है। किसी अप्रिय घटना की आशंका के चलते उच्च अधिकारियों के निर्देश पर स्कूल को अस्थायी रूप से एक निजी मकान के परिसर में स्थानांतरित किया गया है।
प्रभारी प्राचार्य राकेश तिवारी के अनुसार, बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया। उन्होंने बताया कि स्कूल भवन के जीर्णोद्धार और मरम्मत के लिए विभाग को कई बार लिखित पत्राचार किया जा चुका है।
बाउंड्रीवॉल नहीं, सांप-बिच्छुओं का खतरा
स्थानीय नागरिक राजाराम पटेल और अन्य ग्रामीणों ने स्कूल की मौजूदा व्यवस्था पर चिंता जताई है। उनका कहना है कि जिस बरामदे में तिरपाल लगाकर कक्षाएं संचालित की जा रही हैं, वहां बाउंड्रीवॉल तक नहीं है।
बारिश के मौसम में खुले इलाके में सांप, बिच्छू और अन्य विषैले जीव-जंतुओं के आने का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों के मुताबिक ऐसे माहौल में बच्चों की सुरक्षा को लेकर लगातार चिंता बनी रहती है।
ग्रामीणों ने स्कूल के लिए नया भवन बनाने या मौजूदा भवन की जल्द से जल्द मरम्मत कराने की मांग की है।
मरम्मत का एस्टीमेट अधिकारियों को भेजा
इस मामले में बीआरसी शशांक कुमार ने बताया कि स्कूल भवन की मरम्मत के लिए एस्टीमेट तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेज दिया गया है।
उनके मुताबिक बजट प्रक्रिया पूरी होने के बाद विद्यालय भवन की मरम्मत का काम जल्द शुरू करवाने की योजना है।
फिलहाल बच्चों की पढ़ाई निजी परिसर में अस्थायी व्यवस्था के तहत जारी है।
हमारे मठ | RNI NO. HARHIN/2023/90591




