Welcome to भगवा हिन्दुस्तान   Click to listen highlighted text! Welcome to भगवा हिन्दुस्तान
jaipur

जयपुर के त्रिपोलिया बाजार में भीषण आग, 20 से ज्यादा दुकानें चपेट में

सेठी कॉम्प्लेक्स में सुबह लगी आग ने लिया विकराल रूप; दूर तक दिखाई दिया धुएं का गुबार, बिजली सप्लाई बंद कर दमकल की कई गाड़ियां मौके पर

जयपुर। त्रिपोलिया बाजार के मणिहारों का कटला स्थित सेठी कॉम्प्लेक्स में गुरुवार सुबह करीब 7 बजे भीषण आग लग गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक आग दूसरी मंजिल पर कपड़ों की दुकान के बाहर रखे कार्टन में लगी, जिसके बाद देखते ही देखते आसपास की 20 से ज्यादा दुकानें इसकी चपेट में आ गईं। दुकानों में कपड़े, प्लास्टिक का सामान, चूड़ियां और अन्य ज्वलनशील सामग्री रखी होने के कारण आग तेजी से फैल गई।

आग से उठता धुआं काफी दूर तक दिखाई दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं। संकरी गलियों और बड़ी मात्रा में सामान के कारण राहत एवं बचाव कार्य में दमकलकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।

बिजली सप्लाई की गई बंद

आग पर काबू पाने के लिए प्रभावित इलाके की बिजली सप्लाई बंद कर दी गई। मौके पर अलग-अलग क्षेत्रों से दमकल की गाड़ियां और सिविल डिफेंस के कर्मचारी बुलाए गए। व्यापारियों ने भी अपने स्तर पर दुकानों से सामान बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने का प्रयास किया।

फायर सेफ्टी इंतजामों पर उठे सवाल

घटना के बाद सेठी कॉम्प्लेक्स में लगे अग्निशमन उपकरणों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। व्यापारियों का कहना है कि भवन में फायर सेफ्टी उपकरण मौजूद होने के बावजूद वे सक्रिय स्थिति में नहीं थे। हालांकि इन दावों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

बरामदों में सामान रखने की शिकायत

स्थानीय लोगों और व्यापारियों के अनुसार कई दुकानों के बाहर बरामदों और बालकनी में बड़ी मात्रा में कपड़े और अन्य सामान रखा जाता है। स्थानीय निवासी राधेश्याम सैनी ने आरोप लगाया कि दुकानों के बाहर क्षमता से अधिक सामान रखने के कारण आग की स्थिति में परेशानी बढ़ जाती है।

रेस्टोरेंट को लेकर भी आरोप

कुछ व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने कॉम्प्लेक्स की दूसरी मंजिल पर रेस्टोरेंट संचालित किए जाने का आरोप लगाया है। उनका दावा है कि इसको लेकर पहले भी शिकायतें की गई थीं। मकर संक्रांति के दौरान इसी स्थान की छत पर आग लगने की घटना का भी व्यापारियों ने उल्लेख किया।

इन आरोपों और रेस्टोरेंट की वैधता की पुष्टि संबंधित विभाग की जांच के बाद ही हो सकेगी।

शॉर्ट सर्किट की आशंका

माणक चौक थाना अधिकारी राकेश ख्यालिया के अनुसार शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका सामने आई है। उन्होंने बताया कि यहां बड़ी संख्या में कपड़ों की दुकानें हैं और बरामदों में रखा कपड़ा भी आग की चपेट में आया।

पुलिस और नगर निगम की टीमें मौके पर मौजूद रहीं। अधिकारियों के मुताबिक दुकान मालिकों के पास फायर एनओसी थी या नहीं, इसकी भी जांच की जाएगी। आग से हुए वास्तविक नुकसान का आकलन राहत कार्य पूरा होने के बाद किया जाएगा।

हमारे मठ | RNI NO. HARHIN/2023/90591

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!