himachal

शिमला में 20 महीने की बच्ची पर कुत्तों का हमला: घर के आंगन से 20-30 मीटर तक घसीटा, शरीर के कई हिस्सों में चोटें

रविवार दोपहर आंगन में खेल रही थी बच्ची; IGMC में इलाज के दौरान करीब 20 टांके लगे, परिजनों ने प्रशासन से कार्रवाई की मांग की

शिमला। शिमला के शांकली इलाके में रविवार दोपहर आवारा कुत्तों ने घर के आंगन में खेल रही 20 महीने की बच्ची पर हमला कर दिया। परिजनों के अनुसार, दो कुत्ते बच्ची को पकड़कर घर से करीब 20 से 30 मीटर दूर तक ले गए। बच्ची की चीखें सुनकर उसकी मां और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उसे कुत्तों से बचाया।

शरीर के कई हिस्सों में चोटें, IGMC में इलाज

परिवार के मुताबिक घटना दोपहर करीब 2 बजे हुई। हमले में बच्ची के सिर, कान के पास, गर्दन, छाती, पेट और बाजू समेत शरीर के कई हिस्सों में चोटें आईं। उसे तत्काल IGMC शिमला ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान करीब 20 टांके लगाए गए।

बच्ची की मां ने बताया कि वह घर में कपड़े धो रही थीं। इसी दौरान उन्हें बच्ची की चीख सुनाई दी। बाहर आने पर उन्होंने देखा कि दो कुत्ते बच्ची पर हमला कर रहे थे।

देहरादून से शिमला पहुंचे परिजन

घटना की जानकारी मिलने के बाद बच्ची के परिवार के अन्य सदस्य देहरादून से शिमला पहुंचे। परिजनों ने प्रशासन से इलाके में घूम रहे खतरनाक आवारा कुत्तों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

मेयर बोले- खतरनाक कुत्तों को डॉग हट्स में ले जाएंगे

शिमला के मेयर सुरेंद्र चौहान ने घटना को गंभीर बताया। उन्होंने कहा कि खतरनाक कुत्तों को टूटीकंडी स्थित डॉग हट्स में ले जाने की व्यवस्था की जाएगी। मेयर के अनुसार, शहर में आवारा कुत्तों की नसबंदी की प्रक्रिया भी चल रही है और मामले में जरूरी कदम उठाए जाएंगे।

उपनगरों में भी आवारा कुत्तों की समस्या

इस घटना के बाद शिमला में आवारा कुत्तों के हमलों को लेकर फिर चिंता सामने आई है। शहर के विभिन्न उपनगरों में भी लोग आवारा कुत्तों की समस्या की शिकायत करते रहे हैं। स्थानीय लोगों ने बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!