सिंध नदी में 4 किमी क्षेत्र में सर्चिंग, 2 दिन बाद भी सराफा व्यवसायी का सुराग नहीं
एसडीआरएफ की दो टीमों ने 11 घंटे तक नावों से चलाया सर्च ऑपरेशन; मनोज सोनी की तलाश शुक्रवार सुबह फिर होगी शुरू

डबरा। धूमेश्वर धाम स्थित सिंध नदी में लापता हुए सराफा व्यवसायी मनोज सोनी का दो दिन बाद भी कोई सुराग नहीं मिल सका है। गुरुवार को एसडीआरएफ की दो टीमों ने नदी के करीब 4 किलोमीटर क्षेत्र में नावों से लगातार 11 घंटे तक सर्चिंग की। इसके बावजूद व्यापारी का पता नहीं चल पाया।
एसडीआरएफ की टीमों ने सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक नदी में तलाश अभियान चलाया। रात में दोनों टीमों को धूमेश्वर धाम पर ही रोका गया है। शुक्रवार सुबह 7 बजे से एक बार फिर सर्चिंग शुरू की जाएगी।
बुधवार को नदी में लगाई थी छलांग
शहर के 59 वर्षीय सराफा व्यवसायी मनोज सोनी बुधवार दोपहर करीब 3 बजे भितरवार क्षेत्र के प्रसिद्ध धूमेश्वर धाम पहुंचे थे। स्रोत के अनुसार, उन्होंने सिंध नदी में छलांग लगाने से पहले अपने बेटे अमर को फोन कर जान देने की बात कही थी।
इसके बाद उन्होंने शहर के सराफा व्यापारियों के व्हाट्सएप ग्रुप में एक कथित सुसाइड नोट भी शेयर किया था।
सुसाइड नोट में ब्लैकमेलिंग के आरोप
स्रोत के अनुसार, कथित सुसाइड नोट में मनोज सोनी ने एक दंपती और उनके साथी पर हनी ट्रैप में फंसाकर ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया था। उन्होंने 2.5 लाख रुपए लेने और पांच लाख रुपए और मांगने का भी आरोप लगाया था।
भितरवार एसडीओपी गगन हनवत ने बताया कि एसडीआरएफ की दो टीमें लगातार नदी में व्यापारी की तलाश कर रही हैं। अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि सुसाइड नोट के संबंध में व्यापारी का पता चलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।




