बठिंडा नगर निगम हाउस की बैठक आज, ₹35.29 करोड़ के सड़क प्रोजेक्ट समेत 20 एजेंडों पर चर्चा
मेयर पदमजीत मेहता की अध्यक्षता में होगी बैठक; सड़क, पानी-सीवरेज, सफाई, पार्क, ट्रैफिक सुधार और ‘सिस्टर सिटी’ प्रस्ताव पर होगा मंथन

नगर निगम के जनरल हाउस की बैठक में शहर के विकास और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े 20 प्रस्तावों पर चर्चा होगी। बैठक सुबह 9 बजे मेयर ऑफिस में मेयर पदमजीत मेहता की अध्यक्षता में आयोजित की जाएगी।
बैठक में शहर की सड़कों के निर्माण और मरम्मत के लिए करीब ₹35.29 करोड़ के संयुक्त ई-टेंडर का प्रस्ताव प्रमुख रूप से रखा जाएगा। इसके अलावा गैस पाइपलाइन और केबल बिछाने से क्षतिग्रस्त 18 कॉलोनियों में करीब ₹5.50 करोड़ की लागत से इंटरलॉकिंग टाइल लगाने तथा 30 से अधिक आवासीय क्षेत्रों में सड़क निर्माण व मरम्मत के लिए ₹17.46 करोड़ के प्रोजेक्ट पर चर्चा होगी।
पानी और सीवरेज से जुड़े प्रस्ताव
जलापूर्ति व्यवस्था के लिए ₹37.19 करोड़ के UIDF प्रोजेक्ट का प्रस्ताव रखा जाएगा। इसमें 5 MGD क्षमता का वाटर ट्रीटमेंट प्लांट, 4 लाख गैलन का जलाशय और नई पाइपलाइनें शामिल हैं। निगम की हिस्सेदारी करीब ₹5.57 करोड़ बताई गई है।
इसके अलावा 52 MLD सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट की मरम्मत और सुभाष पार्क स्थित जलाशय की राइजिंग मेन बदलने के लिए करीब ₹6.62 करोड़ खर्च करने का प्रस्ताव है।
ट्रैफिक और शहर के विकास पर भी चर्चा
ट्रैफिक सुधार के लिए 100 फीट रोड पर सैंपल होटल के पास जमीन की अदला-बदली और भट्टी रोड-80 फीट रोड जंक्शन पर जमीन लेकर सड़क निर्माण का प्रस्ताव रखा जाएगा। गुरुकुल रोड पर 20 फीट चौड़ी गली और सार्वजनिक पार्क विकसित करने पर भी चर्चा होगी।
बैठक में रोज गार्डन, हॉकी स्टेडियम और स्कूलों समेत 10 स्थानों पर भूजल रिचार्ज चैंबर बनाने का प्रस्ताव भी है। इसके लिए करीब ₹46.41 लाख खर्च होने का अनुमान है।
पार्क, सफाई और अंडरब्रिज से जुड़े काम
विभिन्न वार्डों में दो स्पोर्ट्स एरीना, पार्कों में बच्चों के झूले और ओपन जिम लगाने के प्रस्ताव भी एजेंडे में शामिल हैं। संतपुरा रोड अंडरब्रिज पर जलभराव की समस्या दूर करने के लिए करीब ₹1.98 करोड़ का शेड बनाने का प्रस्ताव रखा जाएगा।
मुख्य सड़कों की मैकेनाइज्ड डीप क्लीनिंग के लिए निगम अपने फंड से करीब ₹4.45 करोड़ खर्च कर एक साल तक सफाई कराने का प्रस्ताव भी सदन के सामने रखेगा।
सरे के साथ ‘सिस्टर सिटी’ संबंध का प्रस्ताव
कनाडा के सरे शहर के साथ बठिंडा के ‘सिस्टर सिटी’ संबंध स्थापित करने का प्रस्ताव भी बैठक में रखा जाएगा। प्रस्ताव के अनुसार इससे ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, जल शोधन, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और NRI निवेश जैसे क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाएं बन सकती हैं। नगर निगम की मंजूरी के बाद प्रस्ताव को पंजाब सरकार के माध्यम से केंद्र के संबंधित मंत्रालयों को भेजने की प्रक्रिया प्रस्तावित है।




