मध्य प्रदेश

रायपुर में गणेश विसर्जन झांकियों के दौरान उमड़ी भीड़, डीजे की तेज आवाज से दुकान का छज्जा गिरा; एंबुलेंस भी फंसी

शारदा चौक से महादेवघाट तक निकली झांकियों में दिखीं धार्मिक थीम, नागलोक और यमलोक के दृश्य; तेज डीजे पर नाचते रहे लोग, पुलिस ने संभाली व्यवस्था

रायपुर। राजधानी रायपुर में गणेश विसर्जन झांकियों के दौरान रातभर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। शारदा चौक से महादेवघाट तक निकली झांकियों को देखने के लिए जयस्तंभ चौक और आसपास के इलाकों में बड़ी संख्या में लोग जुटे। झांकियों में भगवान श्रीकृष्ण, भगवान जगन्नाथ, नागलोक और यमलोक सहित विभिन्न धार्मिक प्रसंगों को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया गया।

झांकियों के दौरान भारी भीड़ के कारण कई जगह यातायात प्रभावित हुआ। भीड़ में एक एंबुलेंस भी फंस गई, जिसे पुलिस की मदद से बाहर निकाला गया। इसी बीच एमजी रोड पर तेज डीजे और धुमाल की आवाज से हुए कंपन के बीच एक दुकान के छज्जे का हिस्सा गिर गया। हालांकि, इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

नागलोक से यमलोक तक की झांकियों ने खींचा लोगों का ध्यान

गणेश विसर्जन के दौरान निकली झांकियों में अलग-अलग धार्मिक प्रसंगों को दर्शाया गया। एक झांकी में वासुकी नाग और गरुड़ के बीच युद्ध का दृश्य दिखाया गया, जबकि दूसरी में यमलोक में रावण के हमले को प्रदर्शित किया गया।

एक झांकी में भगवान श्रीकृष्ण को गरुड़ का घमंड तोड़ते हुए दिखाया गया। इसके अलावा भगवान जगन्नाथ, भगवान गणेश और उनके परिवार से जुड़े प्रसंगों पर भी झांकियां निकाली गईं। जयस्तंभ चौक पर लोगों की भारी भीड़ जुटी रही और श्रद्धालु झांकियों की तस्वीरें तथा वीडियो बनाते नजर आए।

तेज डीजे और धुमाल के कंपन से दुकान का छज्जा गिरा

रायपुर के एमजी रोड पर मंजू ममता रेस्टोरेंट के पास तेज डीजे और धुमाल की आवाज के बीच एक दुकान के छज्जे का हिस्सा गिर गया। घटना के दौरान आसपास लोगों की मौजूदगी थी, लेकिन किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। वीडियो में तेज संगीत के बीच लोग नाचते दिखाई दे रहे हैं, जबकि पुलिसकर्मी उन्हें समझाते नजर आ रहे हैं। एक व्यक्ति ने तेज डीजे की आवाज को लेकर शिकायत भी की। विसर्जन के दौरान कई समितियों की झांकियों में फिल्मी गाने भी बजाए गए।

भीड़ में फंसी एंबुलेंस, पुलिस ने निकाला बाहर

झांकी मार्ग पर रातभर लोगों की भारी भीड़ रही। इसके चलते कई स्थानों पर यातायात प्रभावित हुआ। इसी दौरान एक एंबुलेंस भी भीड़ में फंस गई। पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर रास्ता खुलवाया और एंबुलेंस को बाहर निकलवाया।

वहीं, दुर्ग से आई एक महिला झांकी देखने के दौरान अपने परिवार से बिछड़ गई। पुलिस सहायता केंद्र की टीम ने महिला की मदद की। डीसीपी अर्चना झा ने भी महिला को समझाकर सहायता की।

ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से हुई निगरानी

गणेश विसर्जन झांकी के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने विशेष इंतजाम किए थे। झांकी मार्ग पर सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही बंद रखी गई। यातायात पुलिस ने पहले ही एडवाइजरी जारी की थी।

पूरे आयोजन के दौरान ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों की मदद से निगरानी की गई। डीजे और साउंड सिस्टम के इस्तेमाल को लेकर भी नियम निर्धारित किए गए थे।

चेकिंग में बड़ी संख्या में शराब की बोतलें जब्त

झांकी के दौरान पुलिस ने तेलघानी नाका से शारदा चौक तक चेकिंग की। इस दौरान बड़ी संख्या में कड़े और देशी शराब की बोतलें जब्त की गईं। पुलिस ने झांकी मार्ग पर सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी जारी रखी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!