ऐलनाबाद में निशानदेही पूरी, सड़कों पर मिले अवैध निर्माण
20 से 25 फुट आगे तक निकले घर और दुकानें

सिरसा जिले के ऐलनाबाद शहर में प्रशासन की ओर से करवाई जा रही निशानदेही प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। शास्त्री मार्केट, वाल्मीकि चौक, टिब्बी अड्डा और नमस्ते चौक सहित चार प्रमुख क्षेत्रों में पैमाइश की गई। यह कार्रवाई खसरा नंबर 580 से शुरू हुई और करीब तीन से चार दिन तक चली।
निशानदेही के दौरान कई जगहों पर घर और दुकानें सड़क व गलियों की सरकारी जगह में बनी मिलीं। कई एरिया में 20 से 25 फुट तक सड़क की जमीन पर अवैध निर्माण पाए गए हैं।
कोर्ट के आदेश पर हुई कार्रवाई
यह पूरी कार्रवाई कोर्ट के आदेशों के अनुसार की गई है। कोर्ट द्वारा बनाई गई पांच सदस्यीय कमेटी की मौजूदगी में नगर पालिका, तहसील और अन्य विभागों के अधिकारियों ने खसरा नंबरों के आधार पर निशान लगाए। अब यह रिपोर्ट कोर्ट में भेजी जाएगी, जिसके बाद अगला फैसला लिया जाएगा।
नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं कि बिना सही पैमाइश के सड़कें और गलियां कैसे बनाई गईं और बाद में लोगों ने सरकारी जमीन पर निर्माण कैसे कर लिए।
अगली कार्रवाई के लिए कोर्ट के आदेश का इंतजार
नगर पालिका अधिकारियों के अनुसार फिलहाल केवल निशानदेही की प्रक्रिया पूरी की गई है। कोर्ट के अगले आदेश मिलने के बाद अवैध निर्माण हटाने के लिए नोटिस जारी किए जाएंगे।
नगर पालिका ईओ प्रवीण सिंह ने बताया कि फिलहाल कोर्ट के निर्देशों का पालन किया जा रहा है और अगली प्रक्रिया भी आदेश मिलने के बाद ही शुरू होगी।
दुकानदारों और मकान मालिकों की बनाई गई रिपोर्ट
गठित टीम ने कार्रवाई के दौरान दुकानदारों और मकान मालिकों के नाम भी दर्ज किए हैं। किस एरिया में कितनी दुकानें और मकान सड़क या गली की जमीन पर बने हुए हैं, इसकी पूरी रिपोर्ट तैयार कर ली गई है।
#Sirsa #Ellenabad #Encroachment #Haryana #MunicipalCouncil #CourtOrder #BhagwaHindustan #BhagwaHindusthan #HamareMath #GiriReporter #MandiDabwali




