jaipur

जयपुर में “जोम्बी गैंग” का भंडाफोड़, बाइक चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

झाड़ियों में छिपाते थे चोरी की बाइक, श्मशान घाट में बिताते थे रात

Jaipur में जयपुर वेस्ट पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की 10 बाइक बरामद की हैं। आरोपियों की पहचान विकास चौधरी और अक्षय पारीक के रूप में हुई है। पुलिस ने इस गिरोह को “जोम्बी गैंग” नाम दिया है।

दिन में चोरी, रात को श्मशान में ठिकाना

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी दिन के समय शहर और ग्रामीण इलाकों से बाइक चोरी करते थे। चोरी के बाद वे बाइकों को न्यू ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र के खाली भूखंडों और झाड़ियों में छिपा देते थे। रात के समय दोनों आरोपी आसपास के श्मशान घाटों में जाकर सो जाते थे ताकि पुलिस और आम लोगों की नजर से बच सकें। बाद में बाइक के पार्ट्स खोलकर उन्हें बेच दिया जाता था।

150 सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद मिला सुराग

डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण ने बताया कि 26 अप्रैल को हरमाड़ा क्षेत्र की शंकर कॉलोनी से बाइक चोरी की शिकायत मिली थी। इसके बाद पुलिस ने करीब 100 से 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच में पता चला कि आरोपी चोरी के वाहनों को ऐसे इलाकों में छिपाते थे जहां सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे थे।

मजदूर बनकर पुलिस ने दबोचे आरोपी

हरमाड़ा थाना प्रभारी उदय सिंह ने बताया कि लगातार निगरानी के बाद 7 मई को पुलिस टीम ने मजदूरों का वेश धारण कर संदिग्धों का पीछा किया। पुलिस ने देखा कि आरोपी झाड़ियों में छिपाई गई बाइकों के पार्ट्स खोल रहे थे। इसी दौरान टीम ने दोनों को मौके पर गिरफ्तार कर लिया।

कई इलाकों में कबूली चोरी की वारदातें

पूछताछ में आरोपियों ने चौमूं, मूरलीपुरा, विश्वकर्मा, करधनी और सामोद समेत कई इलाकों में बाइक चोरी की वारदातें कबूल की हैं। पुलिस अब आरोपियों से अन्य मामलों को लेकर भी पूछताछ कर रही है।

#BhagwaHindustan #BhagwaHindusthan #HamareMath #GiriReporter #MandiDabwali

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!